- क्या वायरल : चार फोटोज वायरल हो रही हैं। एक में जलता हुआ तिरंगा और मरी पड़ी गाय नजर आ रही है। बाकी तीन फोटोज में घायल पुलिसकर्मी दिख रहे हैं। दावा है कि, कश्मीर में तिरंगे के ऊपर गाय को काटा गया
- क्या सच : गाय वाली तस्वीर पाकिस्तान की है। अन्य तीन फोटोज का भी कश्मीर से कोई संबंध नहीं
Dainik Bhaskar
Jan 08, 2020, 04:06 PM ISTफैक्ट चेक डेस्क. 4 फोटोज वाला एक कोलाज सोशल मीडिया पर शेयर किया जा रहा है। तीन फोटोज में चोटिल पुलिसकर्मी दिख रहे हैं। एक फोटो में तिरंगा और गाय नजर आ रही है। दावा है कि, कश्मीर में तिरंगे के ऊपर गाय को काटा गया और तिरंगे को जला दिया गया। दैनिक भास्कर मोबाइल ऐप के एक पाठक ने हमें यह फोटो सत्यता की जांच के लिए भेजी। पड़ताल में वायरल दावा झूठा निकला।
क्या वायरल
एक पाठक ने हमें यह पोस्ट पड़ताल के लिए भेजी।- सोशल मीडिया पर यह काफी पहले से वायरल की जा रही है।
क्या है सच्चाई
फोटो : 1
- यह फोटो 2011 में एक आर्टिकल में प्रकाशित की गई थी। इस फोटो को कश्मीर नहीं बल्कि अगरतला (त्रिपुरा) में क्लिक किया गया था। रिपोर्ट्स के मुताबिक, कांग्रेस पार्टी के एक्टिविस्ट द्वारा इस पुलिसकर्मी पर हमला किया गया था।
फोटो : 2
- यह फोटो किसी भी विश्वसनीय संस्थान द्वारा प्रकाशित नहीं की गई है। कुछ ट्विट्स में दावा किया गया कि फोटो पाकिस्तान की है। इस फोटो में प्रदर्शनकारियों के हाथों में जो बैनर है, उस पर Digger लिखा देखा जा सकता है, यह पाकिस्तान की फुटवेयर कंपनी है। वहीं कुछ होर्डिंग्स में ‘Nishat Linen’ का लोगो भी दिखा जो पाकिस्तान का क्लोदिंग ब्रांड है। इससे स्पष्ट होता है कि यह फोटो पाकिस्तान की है।
फोटो : 3
- इस फोटो को 2014 में उत्तरप्रदेश में हुए एक प्रदर्शन के दौरान क्लिक किया गया था। फोटो में नजर आ रहे चोटिल पुलिसकर्मी यूपी पुलिस के डीआईजी थे। इस फोटो का भी कश्मीर से कोई कनेक्शन नहीं।
फोटो : 4
- एक फोटो एक ऑनलाइन न्यूज पोर्टल पर मिली। जिसका टाइटल था 'जम्मे में सिख प्रदर्शनकारी'। सिखों के प्रदर्शन के दौरान यह पुलिसकर्मी घायल हो गए थे। सिख जरनैल सिंह भिंडरावाले के पोस्टर हटाने के विरोध में प्रदर्शन कर रहे थे।
निष्कर्ष : पड़ताल से स्पष्ट होता है कि चारों ही फोटोज का गाय और कश्मीर से कोई संबंध नहीं। गलत दावे के साथ इन्हें वायरल किया जा रहा है।