- खेत में था एक नुकीला पत्थर, किसान सोचता था कि ये बहुत बड़ी चट्टान है, इसे निकाल पाना संभव नहीं है
Dainik Bhaskar
Sep 11, 2019, 05:07 PM ISTजीवन मंत्र डेस्क। पुरानी लोक कथा के अनुसार एक किसान के खेत में नुकीला पत्थर था। किसान को इसकी वजह से कई बार चोट लगी, कई बार उसके औजार खराब हो गए। वह सोचता था कि ये एक चट्टान है और इसे निकाल पाना संभव नहीं है। बहुत समय तक किसान उस पत्थर से बचकर काम करने की कोशिश करता रहा, लेकिन जब भी थोड़ी सी लापरवाही होती, किसान को नुकसान हो जाता।
- कुछ समय बाद एक दिन किसान फिर से खेती करने गया। वह हल चला रहा था, तभी उस पत्थर की वजह से उसके हल की नोंक टूट गई। ये देखकर किसान को गुस्सा आ गया। उसने सोचा कि आज जो भी हो इस चट्टान को निकाल कर ही रहूंगा।
- किसान ने गांव से अपने कई मित्रों को बुला लिया। सभी लोग उसके साथ मिलकर चट्टान को निकालने के लिए तैयार हो गए। किसान ने जैसे ही उस पत्थर पर दो-तीन बार फावड़ा मारा, वह पत्थर बाहर निकल गया। ये देखकर सभी हैरान हो गए।
- मित्रों ने किसान से कहा कि तुम तो कह रहे थे कि बड़ी चट्टान है, लेकिन ये तो छोटा सा पत्थर है। किसान भी सोच रहा था कि इस छोटे से पत्थर की वजह से कितनी परेशानियों का सामना किया। इसे पहले ही निकाल देना था।
कथा की सीख
इस छोटी सी कथा की सीख यह है कि कभी-कभी हमारे जीवन में समस्या छोटी सी होती है, लेकिन हम अपने विचारों में उसे बहुत बड़ा बना लेते हैं और उससे बचने की कोशिश करते रहते हैं। इसीलिए किसी भी समस्या से भागना नहीं चाहिए, उसका सामना करेंगे तो वह जल्दी हल हो सकती है।