यूएस ओपन / वर्ल्ड नंबर-1 जोकोविच चोट के कारण बाहर, फेडरर जीते; सेरेना 16वीं बार अंतिम-8 में

नोवाक जोकोविच, रोजर फेडरर और सेरेना विलियम्स।

  • जोकोविच प्री-क्वार्टरफाइनल में वावरिंका के खिलाफ कंधे की चोट के कारण तीसरे सेट के दौरान बाहर हो गए
  • वर्ल्ड नंबर-3 रोजर फेडरर ने बेल्जियम के डेविड गोफिन को 6-2, 6-2, 6-0 हराया
  • इस साल की फ्रेंच ओपन चैम्पियन ऑस्ट्रेलिया की एश्ले बार्टी प्री-क्वार्टरफाइनल में हारीं

Dainik Bhaskar

Sep 02, 2019, 10:56 AM IST

खेल डेस्क. अमेरिका में खेले जा रहे यूएस ओपन में रविवार को दुनिया के नंबर एक मैन्स प्लेयर सर्बिया के नोवाक जोकोविच कंधे की चोट के कारण टूर्नामेंट से बाहर हो गए। स्विट्जरलैंड के स्टैन वावरिंका के खिलाफ प्री-क्वार्टरफाइनल में जोकोविच दो सेट हारने के बाद तीसरे सेट में पीछे चल रहे थे, तभी उन्होंने खेल छोड़ने का फैसला किया। दूसरी ओर, वर्ल्ड नंबर-3 स्विट्जरलैंड के रोजर फेडरर क्वार्टरफाइनल में पहुंच गए। उन्होंने बेल्जियम के डेविड गोफिन को 6-2, 6-2, 6-0 हराया। वहीं, वुमन्स सिंगल्स में अमेरिकी की सेरेना विलियम्स भी अंतिम-8 में पहुंच गईं। उन्होंने पेत्रा मार्तिच को 6-3, 6-4 से शिकस्त दी।

जोकोविच इस साल ऑस्ट्रेलियन ओपन जीते थे

  1. जोकोविच पिछले पांच ग्रैंड स्लैम में से चार जीते थे। उनके नाम कुल 16 ग्रैंडस्लैम खिताब हैं। इस साल जोकोविच ने ऑस्ट्रेलियन ओपन खिताब अपने नाम किया था। वे पिछले साल यूएस ओपन जीते थे। 23वीं सीड और 2016 के चैम्पियन वावरिंका क्वार्टरफाइनल में पहुंच गए। उनका अगला मुकाबला रूस के दानिल मेदवेदेव से होगा।

  2. फेडरर 13वीं बार क्वार्टरफाइनल में पहुंचे

    20 बार ग्रैंड स्लैम जीतने वाले फेडरर 13वीं बार इस टूर्नामेंट के क्वार्टरफाइनल में पहुंचे। उन्होंने 15वीं सीड गोफिन को 79 मिनट में हरा दिया। फेडरर का अगला मुकाबला बुल्गारिया के ग्रेगर दिमित्रोव से होगा। दिमित्रोव के खिलाफ फेडरर अब तक हुए 7 मैच में कभी नहीं हारे। वर्ल्ड नंबर-78 दिमित्रोव ने ऑस्ट्रेलिया के एलेक्स डी मिनॉर को 7-5, 6-3, 6-4 से हराया।

  3. क्वार्टरफाइनल में सेरेना का मुकाबला चीन की वांग कियांग से

    सेरेना ने 22वीं सीड पेत्रा को हराने के बाद 16वीं बार टूर्नामेंट के क्वार्टरफाइनल में अपना स्थान पक्का किया। वे छह बार खिताब जीत चुकी हैं। वे 2017 के बाद से कोई भी ग्रैंड स्लैम नहीं जीत सकीं। पिछली बार ऑस्ट्रेलियन ओपन का फाइनल अपने नाम किया था। वे 2014 में यूएस ओपन जीती थीं। अंतिम-8 में सेरेना का मुकाबला चीन की वांग कियांग से होगा।

  4. वर्ल्ड नंबर-2 एश्ले बार्टी उलटफेर का शिकार

    वुमन्स सिंगल्स में वर्ल्ड नंबर-2 ऑस्ट्रेलिया की एश्ले बार्टी उलटफेर का शिकार हो गईं। उन्हें 18वीं रैंक की वांग कियांग ने हराया। बार्टी इस साल फ्रेंच ओपन जीती थीं। वांग ने उन्हें 6-2, 6-4 से सीधे सेटों में हरा दिया। वांग के खिलाफ बार्टी पिछले दो मैच में एक भी सेट नहीं हारी थीं। वांग पहली बार किसी ग्रैंड स्लैम के क्वार्टरफाइनल में पहुंचीं। वे इस टूर्नामेंट के अंतिम-8 में पहुंचने वाली पिछले 5 साल में पहली चीनी महिला हैं। पिछली बार 2014 में पेंग शुआई अंतिम-8 में पहुंची थीं।

     

Share
Next Story

हरियाणा / स्कॉलरशिप नहीं मिलने पर पिता ने नहीं हारी हिम्मत, सुमित को कोचिंग दिला बनाया इंटरनेशनल खिलाड़ी

Next

Dainik Bhaskar Brings you the latest Hindi News