एशेज / पांचवां टेस्ट आज से, कोई ऑस्ट्रेलियाई कप्तान 18 साल बाद एशेज हारे बिना इंग्लैंड से लौटेगा

टिम पेन।

  • ऑस्ट्रेलिया सीरीज में 2-1 से आगे, पिछले टेस्ट में इंग्लैंड को 185 रन से हराया
  • रिकी पोंटिंग, पोंटिंग क्लार्क भी इंग्लैंड से एशेज हारकर ही लौटे थे
  • स्मिथ पर बैन के बाद टिम पेन कप्तान बने, अब स्टीव वॉ की बराबरी करने जा रहे

Dainik Bhaskar

Sep 12, 2019, 10:02 AM IST

खेल डेस्क. ऑस्ट्रेलिया के 33 साल के टिम पेन 2017 के अंत तक संन्यास का मन बना चुके थे। गेंद बनाने वाली कंपनी कुकाबूरा में नौकरी की बात भी कर ली थी। अचानक 2018 की शुरुआत में बॉल टेंपरिंग विवाद हुआ। ऑस्ट्रेलियाई कप्तान स्टीव स्मिथ और उपकप्तान डेविड वॉर्नर पर बैन लगा और सभी कयासों से उलट टिम पेन ऑस्ट्रेलिया के 46वें टेस्ट कप्तान बने। हर टेस्ट में टिम पेन को विपक्षी टीमों ने 'टेंपरेरी कप्तान' कहकर स्लेज किया। वही टिम पेन ऑस्ट्रेलियाई कप्तान स्टीव वॉ की बराबरी करने जा रहे हैं।

गुरुवार से इंग्लैंड और ऑस्ट्रेलिया के बीच पांचवां और आखिरी एशेज टेस्ट शुरू होगा। ऑस्ट्रेलिया सीरीज में 2-1 से आगे है। इस मैच का जो भी नतीजा हो, टिम पेन 18 साल में पहले ऐसे ऑस्ट्रेलियाई कप्तान होंगे, जो इंग्लैंड से एशेज हारे बिना लौटेंगे। आखिरी बार 2001 में स्टीव वॉ ने ऐसा किया था। ग्रेग चैपल, रिकी पोंटिंग, माइकल क्लार्क भी ये नहीं कर सके। अगर इंग्लैंड ये मैच जीत भी ले तो भी सीरीज 2-2 से ड्रॉ होगी और एशेज डिफेंडिंग चैंपियन ऑस्ट्रेलिया के पास ही रहेगा।


ऑस्ट्रेलियाई अपनी सहूलियत की पिच बनाते हैं, लेकिन हमें नहीं मिली: एंडरसन
इंग्लैंड के तेज गेंदबाज जेम्स एंडरसन ने टीम के एशेज में खराब प्रदर्शन के लिए पिचों को भी जिम्मेदार ठहराया है। एंडरसन ने कहा- 'ऑस्ट्रेलिया, भारत और श्रीलंका जैसे देश अपनी होम सीरीज में अपने मन की पिचें तैयार करवाते हैं। लेकिन हमारे देश की पिचों ने हमसे ज्यादा मदद ऑस्ट्रेलिया को पहुंचाई। पिच पर ज्यादा घास होनी चाहिए थी, जो हमारे तेज गेंदबाजों को मदद करे।'

सीरीज में अब तक स्मिथ बल्लेबाजी में और पैट कमिंस गेंदबाजी में सबसे आगे

बल्लेबाज देश रन औसत
स्टीव स्मिथ ऑस्ट्रेलिया 671 134.20
बेन स्टोक्स इंग्लैंड 354 59.00
रोरी बर्न्स इंग्लैंड 323 40.37
गेंदबाज देश विकेट औसत
पैट कमिंस ऑस्ट्रेलिया 24 17.41
स्टुअर्ट ब्रॉड इंग्लैंड 19 26.63
जोश हेडलवुड ऑस्ट्रेलिया 18 16.88

स्मिथ को रोकने का इकलौता तरीका- लेफ्ट आर्म स्पिनर
स्टीव स्मिथ ने सीरीज में 5 पारियों में 134.20 की औसत से 671 रन बनाए हैं। इंग्लैंड के सामने स्मिथ को रोकने का सबसे कारगर उपाय लेफ्ट आर्म स्पिन हो सकता है, क्योंकि इनके सामने स्मिथ का औसत सबसे कम 39.22 का है। इंग्लैंड के जैक लीच लेफ्ट आर्म स्पिनर हैं।

इंग्लैंड में दो, ऑस्ट्रेलिया में एक बदलाव; जेसन रॉय बाहर हुए
आखिरी टेस्ट के लिए इंग्लैंड ने प्लेइंग-11 में दो बदलाव किए हैं। बल्लेबाज जेसन रॉय और तेज गेंदबाज क्रेग ‌ओ‌वर्टन टीम से बाहर हो गए हैं। इनकी जगह सैम करेन और क्रिस वोक्स को शामिल किया गया है। रॉय ने सीरीज में 13.75 की औसत से 110 रन बनाए हैं। वहीं ऑस्ट्रेलिया की टीम में एक बदलाव हुआ है। ट्रेविस हेड की जगह ऑलराउंडर मिचेल मार्श को टीम में शामिल किया गया है।

Share
Next Story

क्रिकेट / गिलक्रिस्ट ने रोहित को बताया वर्ल्ड क्लास, बोले- वे टेस्ट मैचों में भी ओपनिंग कर सकते हैं

Next

Dainik Bhaskar Brings you the latest Hindi News