बयान / कोच रवि शास्त्री ने कहा- धोनी वनडे से संन्यास ले सकते हैं, आईपीएल में अच्छा खेले तो टी-20 वर्ल्ड कप के दावेदार होंगे

धोनी पिछले साल हुए वनडे वर्ल्ड कप के बाद से नहीं खेले। (फाइल फोटो)

  • शास्त्री ने कहा- मुझे पता है कि धोनी ऐसे हैं जोखुद को टीम पर नहीं थोपेंगे
  • टी-20 वर्ल्ड कप में धोनी कप्तान कोहली की मदद कर सकते हैं: रोहित शर्मा

Dainik Bhaskar

Jan 09, 2020, 05:58 PM IST

खेल डेस्क. भारतीय क्रिकेट टीम के कोच रवि शास्त्री ने कहा कि अगर महेंद्र सिंह धोनी इंडियन प्रीमियर लीग में बेहतर खेले तो वे टीम इंडिया में वापस आ सकते हैं। धोनी पिछले साल हुए वनडे वर्ल्ड कप के बाद से इंटरनेशनल क्रिकेट से ब्रेक ले रखा है। शास्त्री ने सीएनएन न्यूज18 से कहा, ‘धोनी खुद को टीम पर नहीं थोपते। हम दोनों में बातचीत हुई। उन्होंने टेस्ट से संन्यास ले लिया है। जल्द ही वनडे से संन्यास ले सकते हैं। वे टी-20 में उपलब्ध रहेंगे। धोनी निश्चित रूप से आईपीएल में खेलेंगे। इसके बाद हम देखेंगे कि धोनी का शरीर किस तरह उनका साथ दे रहा है।’


शास्त्री के बयान के बाद माना जा रहा है कि इस साल अक्टूबर में ऑस्ट्रेलिया में होने वाले वर्ल्ड कप में टीम के साथ होंगे। टीम के उप-कप्तान रोहित शर्मा ने भी कहा कि टी-20 वर्ल्ड कप में धोनी कप्तान विराट कोहली की मदद कर सकते हैं। वे हमेशा फैसला लेने में उनकी मदद करते हैं और आगे भी ऐसा कर सकते हैं।

‘फॉर्म और अनुभव के आधार पर चयन होगा’
शास्त्री ने कहा, ‘मध्यक्रम में चयन के लिए फॉर्म और अनुभव मुख्य फैक्टर होंगे। धोनी, ऋषभ पंत और संजू सैमसन में से किसी एक पर फैसला होगा। धोनी5-6 नंबर परबल्लेबाजी करते हैं। अगर आईपीएल में अच्छा खेलते हैं तो वे दौड़ में शामिल हो जाएंगे।’

शास्त्री ने पंत का बचाव किया
ऋषभ पंत लगातार बेहतर प्रदर्शन करने में नाकाम रहे हैं। खराब कीपिंग के कारण उनके रहते स्टेडियम में धोनी-धोनी के नारे लगते रहते हैं। शास्त्री ने उनका बचाव किया। मुख्य कोच ने कहा, ‘पंत अभी 21 साल के ही हैं। कितने विकेटकीपर ने इस उम्र में शतक लगाए हैं? उन्होंने बहुत ज्यादा कैच नहीं छोड़े हैं। गलतियां तो सभी करते हैं। वे जैसे-जैसे अनुभवी होंगे, बेहतर प्रदर्शन करेंगे। ये एक रात में होने वाली चीज नहीं है। उनके मैच विनर होने पर कोई शक नहीं है। वे विकेटकीपिंग पर मेहनत कर रहे हैं।’

धोनी का करियर
धोनी ने 90 टेस्ट में 38.09 की औसत, 6 शतक व 33 अर्धशतक की बदौलत 4876 रन बनाए। वहीं, 350 वनडे में उन्होंने 50.57 की औसत, 10 शतक व 73 अर्धशतकों की मदद से 10773 रन बनाए। 98 टी-20 में 37.60 की औसत से 1617 रन बनाए। आईपीएल में भी धोनी का प्रदर्शन बेहतरीन रहा है। उन्होंने 190 मुकाबलों में 42.20 की औसत से 4432 रन बनाए। इस दौरान उनका स्ट्राइक रेट 137.85 का रहा। उन्होंने 23 अर्धशतक लगाए।

Share
Next Story

सफाई / आपत्तिजनक बयान पर पंड्या ने कहा- तब गेंद हमारे पाले में नहीं थी, जानता नहीं था चैट शो में क्या होगा

Next

Recommended News