- 10 श्रीलंकाई खिलाड़ियों ने पाकिस्तान दौरे से नाम वापस लिया
- 27 सितंबर से 9 अक्टूबर के बीच होगी वनडे और टी20 सीरीज
- श्रीलंकाई खिलाड़ियों ने आतंकी हमले के डर से नाम वापस लिया
Dainik Bhaskar
Sep 12, 2019, 03:14 PM ISTखेल डेस्क. पूर्व पाकिस्तानी तेज गेंदबाज शोएब अख्तर ने आगामी पाकिस्तान दौरे से नाम वापस लेने वाले 10 श्रीलंकाई खिलाड़ियों को लेकर नाराजगी जताई है। अपना गुस्सा जाहिर करते हुए अख्तर ने बुधवार को दो ट्वीट किए और वक्त-वक्त पर श्रीलंका बोर्ड को पाकिस्तान से मिले सपोर्ट के बारे में याद दिलाया। इस दौरान अख्तर ने इस साल अप्रैल में श्रीलंका में ईस्टर पर हुए धमाकों का जिक्र भी किया, साथ ही 1996 में हुए क्रिकेट वर्ल्ड कप की याद भी दिलाई, जब सुरक्षा कारणों से दो देशों की टीमों ने श्रीलंका में खेलने से इनकार कर दिया था।इससे पहले पूर्व क्रिकेटर रमीज राजा ने भी श्रीलंकाई खिलाड़ियों के फैसले पर हैरानी जताते हुए तंज मारा था।
अख्तर ने अपने ट्वीट में लिखा, 'उन 10 श्रीलंकाई खिलाड़ियों से बेहद निराश हूं, जिन्होंने पाकिस्तान दौरे से अपना नाम वापस ले लिया है। पाकिस्तान क्रिकेट बोर्ड हमेशा से ही श्रीलंका क्रिकेट का समर्थन करता आया है। हाल ही में श्रीलंका में हुए ईस्टर हमलों के बाद भी हमने अपनी अंडर-19 टीम को वहां खेलने के लिए भेजा था और हम ऐसा करने वाली पहली अंतर्राष्ट्रीय टीम थे।' आगे उन्होंने लिखा, 'और हां 1996 क्रिकेट विश्व कप को कौन भूल सकता है, जब ऑस्ट्रेलिया और वेस्ट इंडीज ने श्रीलंका में खेलने से इनकार कर दिया था। तब भी पाकिस्तान ने भारत के साथ मिलकर कोलंबो में एक दोस्ताना मैच खेलने के लिए संयुक्त टीम भेजी थी। हम भी श्रीलंका से वैसे ही उम्मीद रखते हैं। उनका बोर्ड सहयोग कर रहा है, खिलाड़ियों को भी करना चाहिए।'
रमीज राजा ने मारा था तंज
पूर्व पाक क्रिकेटर रमीज राजा ने ट्वीट करते हुए लिखा था, 'नहीं जानता 10 श्रीलंकाई खिलाड़ियों के पाक टूर से नाम वापस लेने को कैसे देखा जाए, निराशाजनक!, और उनमें से कई तो फ्रेंचाइजी क्रिकेट खेलने के लिए तैयार हैं। वाह'
श्रीलंका को पाक में खेलना है वनडे और टी20 सीरीज
श्रीलंका क्रिकेट टीम के 10 खिलाड़ियों ने पाकिस्तान में चल रही आतंकी गतिविधियों और सुरक्षा कारणों को देखते हुए सोमवार (9 सितंबर) को पाक दौरे से नाम वापस ले लिया था। इस दौरान वनडे टीम के कप्तान दिमुथ करुणारत्ने, टी-20 कप्तान लसिथ मलिंगा, पूर्व कप्तान एंजेलो मैथ्यूज, निरोशन डिकवेला, कुसल परेरा, धनंजय डिसिल्वा, अकिला धनंजय, सुरंगा लकमल, थिसारा परेरा और दिनेश चंडीमल ने पाकिस्तान जाने से इनकार कर दिया। इस बारे में श्रीलंकाई बोर्ड ने कहा कि सभी खिलाड़ियों को वहां किए गए सुरक्षा इंतजाम के बारे में बताया गया था, लेकिन सोच-विचार के बाद इन सभी ने दौरे से अपना नाम वापस ले लिया।
दिसंबर में श्रीलंका जाएगी पाकिस्तानी टीम
श्रीलंका टीम को 27 सितंबर से 9 अक्टूबर तक पाकिस्तान में तीन वनडे और तीन टी-20 मैचों की सीरीज खेलना है। इस दौरान कराची के नेशनल स्टेडियम में 27 सितंबर, 29 सितंबर और दो अक्टूबर को तीन वनडे खेले जाएंगे। इसके बाद दोनों टीमें लाहौर के गद्दाफी स्टेडियम में 5, 7 और 9 अक्टूबर को तीन मैचों की टी-20 सीरीज खेलेगी। इसके बाद दिसंबर में पाकिस्तानी टीम दो मैचों की वर्ल्ड टेस्ट चैम्पियनशिप के लिए श्रीलंका जाएगी।
2009 में श्रीलंकाई टीम पर हुआ था हमला
2009 में श्रीलंका क्रिकेट टीम 3 टेस्ट और 3 वनडे मैचों की सीरीज के लिए पाक दौरे पर गई थी। 1 मार्च से सीरीज का दूसरा टेस्ट मैच लाहौर में खेला जा रहा था। इसी दौरान 3 मार्च को लाहौर के लिबर्टी चौक से गुजरते वक्त श्रीलंकाई टीम की बस पर आतंकियों ने हमला कर दिया था। इसमें आठ आम नागरिक मारे गए थे, जबकि श्रीलंकाई टीम के स्टाफ समेत सात खिलाड़ी जख्मी हुए थे। इस घटना के बाद से कभी किसी बड़े देश की टीम ने पाकिस्तान का दौरा नहीं किया है।