जानें, रूसी राष्‍ट्रपति ब्‍लादिमीर पुतिन की रोजमर्रा की जिंदगी

9 वर्ष पहले
  • कॉपी लिंक
फोटाे: न्‍यूजवीक के ताजा अंक का कवर
नई दिल्‍ली. अमेरिका की साप्‍ताहिक न्‍यूज मैगजीन न्‍यूजवीक ने इस बार के अंक में रूसी राष्‍ट्रपति व्लादिमीर पुतिन पर कवर स्‍टोरी छापी है। इसमें पुतिन की रोजमर्रा की जिंदगी से जुड़ी दिलचस्‍प जानकारियां दी गई हैं। आइए, नज़र डालते हैं ऐसे ही कुछ रोचक तथ्‍यों पर।
सुबह की शुरुआत
पुतिन सुबह देर से जागते हैं और दोपहर के बाद ही कुछ खाते हैं। नाश्‍ते में वह कॉटेज चीज, ऑमलेट और पोरिज (दलिए जैसी चीज) लेते हैं। उन्‍हें बटेर के अंडे और जूस पीना भी बेहद पंसद है। पुतिन को परोसा जाने वाला खाना ताजा हो, अधिकारी इस बात को सुनिश्‍चित करते हैं। रूस के धार्मिक नेता पैर्टियार्च क्रिल के फार्म से ताजा फल के बास्‍केट नियमित अंतराल पर पुतिन के लिए मंगवाए जाते हैं।
हल्‍के नाश्‍ते के बाद पुतिन को काॅफी परोसी जाती है। इसके बाद पुतिन स्‍विमिंग करते हैं। राष्‍ट्रपति पानी में अकेले वक्‍त गुजारना पसंद करते हैं। उनके राजनीतिक सलाहकार मानते हैं कि यही वो वक्‍त होता है, जब‍ पुतिन देश के मामलों पर विचार करते हैं। इसके बाद वे जिम जाते हैं, जहां रूसी न्‍यूज चैनल ऑन रहते हैं। पुतिन जब तक पूल में वक्‍त गुजारते हैं, मंत्री उनका इंतजार करते रहते हैं। जानकार बताते हैं कि 3 से 4 घंटे का इंतजार आम बात है।
कसरत के बाद किताब
जिम में पसीना बहाने के बाद कई बार पुतिन किताबें पढ़ते हैं। पुतिन को इतिहास से जुड़ी किताबें पढ़ना सबसे ज्‍यादा पसंद है। इसके बाद वो नहाते हैं और तैयार होते हैं। पुतिन को पारंपरिक रंग के सूट पहनना पसंद है। उन्‍हें फीके रंग की टाई पहनना ज्यादा पसंद है।
दोपहर बाद पुतिन अपने अधिकारियों से दिन भर के कार्यक्रम की ब्रीफ‍िंग लेते हैं। यह सब पुतिन अपने लकड़ी के भारी भरकम डेस्‍क पर बैठकर करते हैं। पुतिन गोपनीयता के लिए कम्‍प्यूटर के इस युग में बेहद पारंपरिक फोल्‍डर और कागजी दस्‍तावेजों का इस्‍तेमाल करते हैं। इसके अलावा, खास सोवियत निर्मित फिक्‍स्‍ड लाइन टेलीफोन का इस्‍तेमाल करते हैं।
काम की शुरुआत करते हुए पुतिन हर रोज तीन लेदर फोल्‍डर में बंद कागजात जरूर पढ़ते हैं। पहले में स्‍थानीय इंटेलिजेंस सर्विस एफएसबी द्वारा तैयार रिपोर्ट होती है। दूसरे फोल्‍डर में अंतरराष्‍ट्रीय एजेंसी एसवीआर द्वारा तैयार रिपोर्ट होती है। तीसरे फोल्‍डर में उनकी सुरक्षा में लगी आर्मी एफएसओ की रिपोर्ट होती है।
जानकारी के भूखे हैं पुतिन
पुतिन द्वारा सूचनाएं हासिल करने का क्रम यहीं नहीं खत्म होता। वह रोजाना अखबारों की कतरनों पर भी नजर डालते हैं। सबसे पहले देश के सबसे महत्‍वपूर्ण अखबारों पर नजर डालते हैं। उसके बाद राष्‍ट्रीय टैब्‍लायड Komsomolskaya Pravda और Moskovsky Komsomolets का नंबर आता है। पुतिन ­Kommersant अखबार में Andrey Kolesnikov द्वारा खुद पर लिखे कॉलम जरूर पढ़ते हैं। सबसे आखिर में पुतिन विदेशी मीडिया की प्रेस क्लिपिंग्‍स पर नजर डालते हैं।
विदेशी मीडिया की खबरें राष्‍ट्रपति के दफ्तर के अलावा विदेश मंत्रालय उनके लिए पेश करता है। पुतिन के बारे में छपी बुरी खबरें उनसे नहीं छिपाई जातीं। उनके सामने जर्मन मीडिया में छपी खबरों को खास तौर पर रखा जाता है। ख‍ुफिया एजेंसी केजीबी के लिए काम करते वक्‍त पुतिन की पोस्टिंग जर्मनी में हुई थी, जिसकी वजह से वह जर्मन भाषा में पारंगत हैं।
मॉस्‍को से बाहर रहते हैं पुतिन
पुतिन रूस की राजधानी मॉस्‍को शहर से बाहर रहते हैं। ऐसा इसलिए क्‍योंकि उन्‍हें शहर की ट्रैफिक, प्रदूषण और भीड़भाड़ पसंद नहीं है। इसके अलावा वह क्रेमलिन में वक्‍त बिताना भी पसंद नहीं करते हैं और ज्‍यादातर कामकाज अपने एस्‍टेट से करते हैं।
निजी जीवन ना के बराबर
पुतिन का कोई 'अपना' नहीं है। उनके माता-पिता की मौत हो चुकी है और वह तलाकशुदा हैं। उनकी दो बेटियां हैं लेकिन वे रूस में नहीं रहतीं। ऐसा कहा जाता है कि रात में उनके पास मॉडल्‍स, फोटोग्राफर्स और जिमनास्‍ट्स आती हैं, लेकिन ये बातें अफवाह भर हैं। पुतिन को पालतू जानवरों के साथ वक्‍त बिताना पसंद है और वह कुत्‍तों से काफी प्‍यार करते हैं।
बावर्ची, सफाई कर्मचारी और नौकरानियां साथ लेकर चलते हैं पुतिन
पुतिन जब भी रूस से बाहर जाते हैं तो बावर्ची, सफाई कर्मचारी और नौकरानियां उनके साथ जाती हैं। जब वह किसी होटल में ठहरते हैं तो उनकी टीम वहां लगे शीट्स और प्रसाधन संबंधी अन्‍य सामानों को हटाकर रूसी सामान लगा देती है। पुतिन कभी भी वैसा खाना नहीं खाते जिसकी जांच रूसी सरकार द्वारा नहीं की गई हो।
तीन साल की मेहनत के बाद पता चली पुतिन की आदतें
रिपोर्टर बेन जुडा का कहना है कि उन्‍होंने अपनी किताब 'फ्रैजल एंपायर : हाउ रशिया फेल इन एंड आउट ऑफ लव विद व्‍लादिमीर पुतिन' के लिए तीन साल तक कई इंटरव्‍यू किए और यह रिपोर्ट उन्‍हीं इंटरव्‍यू का हिस्‍सा है। उन्‍होंने कहा, 'रिसर्च के दौरान मुझे कई लोगों का इंटरव्‍यू करने का मौका मिला। इनमें कई पूर्व प्रधानमंत्री से लेकर पुतिन की सरकार के मौजूदा मंत्री, क्षेत्रीय गवर्नर, सीनियर नौकरशाह, नजदीकी सलाहकार से लेकर आम लोग तक शामिल हैं। इन लोगों से बातचीत के आधार पर ही मैंने पुतिन की आदतों और रूटीन का लेखा-जोखा तैयार किया और इसे प्रस्‍तुत किया।'
आगे देखें: न्‍यूजवीक में छपी पुतिन की तस्‍वीरें...