बिहार में पंचायत चुनाव के 9वें चरण के लिए 35 जिलों की 875 पंचायतों में वोटिंग हुई। सोमवार सुबह 6 बजे से ही मतदाता बूथों पर पहुंचने लगे। मतदान केंद्र के अंदर और बाहर सुरक्षा के कड़े इंतजाम किए गए थे। सुबह 7 बजे से 5 बजे तक 61.15% मतदान हुआ। 64.38% महिलाओं और 57.91% पुरुषों ने वोटिंग की। वोटिंग के लिए 12341 बूथ बनाए गए थे। राज्य निर्वाचन आयुक्त ने बताया मतदान शांतिपूर्ण रहा। कुल 37 शिकायत प्राप्त हुए थे। कुल 609 EVM को बदला गया। कुल 18729 बोगस वोटर्स को चिह्नित किया गया। सभी पर उचित करवाई की जाएगी।
मधुबनी में बोगस वोटिंग को लेकर पुलिस के साथ लोगों की झड़प हो गई। वहीं, मधुबनी के बेनीपट्टी प्रखंड में मुखिया प्रत्याशी पति को गोली मार दी गई। गंभीर हालत में उन्हें अस्पताल में भर्ती किया गया। वहीं, सीवान में भी मुखिया प्रत्याशी के रिश्तेदार को जांघ में बूथ पर गोली मार दी। सीतामढ़ी में पंचायत चुनाव के दौरान भीड़ को हटाने गई पुलिस पर लोगों ने हमला कर दिया। पुलिस पर लोगों ने पथराव किया। डीएसपी हेडक्वार्टर का वाहन क्षतिग्रस्त हो गया। जान बचाकर भागने को मजबूर हुए पुलिसकर्मी ,परिहार के कन्हावा के बूथ संख्या 105 और 102 की घटना।
वोटिंग अपडेट्स...
875 पंचायतों में से 554 हैं नक्सल प्रभावित
बिहार पंचायत चुनाव में सोमवार को 9वें चरण की वोटिंग हो रही है। इस चरण में 97 हजार 878 प्रत्याशी अपना भाग्य आजमा रहे हैं। बिहार निर्वाचन आयोग के मुताबिक, इस चरण में कुल 26,831 पदों के लिए चुनाव होना है। इसमें ग्राम पंचायत सदस्य पद के लिए 11,883 सीट, ग्राम पंचायत मुखिया पद के लिए 871 सीट, पंचायत समिति सदस्य पद के लिए 1196 सीट, जिला परिषद सदस्य पद के लिए 127 सीट, ग्राम कचहरी पंच पद के लिए 11,883 सीट और ग्राम कचहरी सरपंच पद के लिए 871 सीट शामिल हैं। 875 पंचायतों में 554 सीट नक्सल प्रभावित हैं।
1 दिसंबर को होगी मतगणना
9वें चरण में 97 हजार 878 प्रत्याशी मैदान में हैं। इसमें 46 हजार 164 पुरुष और 51 हजार 714 महिला प्रत्याशी हैं। 9वें चरण में कुल 68 लाख 10 हजार 413 मतदाता अपने लिए गांव की सरकार चुनेंगे। वोटिंग के लिए 7 हजार 598 भवनों में 12 हजार 341 पोलिंग बूथ बनाये गए हैं। 90वें चरण की सीटों पर वोटिंग के 2 दिन बाद यानी 1 दिसंबर से मतगणना शुरू होगी।
Copyright © 2022-23 DB Corp ltd., All Rights Reserved
This website follows the DNPA Code of Ethics.