पंचायत चुनाव के अंतिम 11वें चरण में आज यानी मंगलवार को 20 जिलों के 38 प्रखंडों में मतगणना जारी है। यह बुधवार को भी चलेगी। सुरक्षा को लेकर पुलिस बल की विशेष व्यवस्था की गई है। पूर्णिया में मतगणना स्थल के बाहर पुलिस-पब्लिक के बीच झड़प हो गई। इनमें 6 पुलिसकर्मी जख्मी हो गए। भीड़ को कंट्रोल करने के लिए पुलिस को लाठीचार्ज करना पड़ा। गोपालपुर विधायक गोपाल मंडल की पत्नी जिला परिषद सदस्य का चुनाव हार गईं।
मतगणना अपडेट्स...
जानिए, कितनी सीटों पर परिणाम का इंतजार
पंचायत चुनाव के अंतिम 11 वें चरण में 17,286 पदों का परिणाम आना है। इसमें ग्राम पंचायत सदस्य पद के लिए 7,649 सीट, ग्राम पंचायत मुखिया पद के लिए 568 सीट, पंचायत समिति सदस्य पद के लिए 772 सीट, जिला परिषद सदस्य पद के लिए 80 सीट, ग्राम कचहरी पंच पद के लिए 7,649 सीट तथा ग्राम कचहरी सरपंच पद के लिए 568 सीट शामिल हैं। इसमें चुनाव लड़ने वाले प्रत्याशियों की कुल संख्या 63,718 है, जिसमें 29,539 पुरुष और 34,179 महिलाएं शामिल हैं।
पुरुषों के साथ महिला प्रत्याशियों को परिणाम का इंतजार
11 वें चरण के मतदान में 29,539 पुरुष प्रत्याशियों में ग्राम पंचायत सदस्य पद के लिए 16,638 अभ्यर्थी, मुखिया पद के लिए 2,309 , पंचायत समिति सदस्य पद के लिए 2,715, जिला परिषद् सदस्य पद के लिए 516, ग्राम कचहरी पंच पद के लिए 5,439 तथा ग्राम कचहरी सरपंच के लिए 1,922 पुरुष चुनाव लड़े हैं। जबकि, कुल महिला प्रत्याशी 34,179 में ग्राम पंचायत सदस्य के लिए 18856 , मुखिया पद के लिए 2,405, पंचायत समिति सदस्य के लिए 2850, जिला परिषद सदस्य के लिए 487, ग्राम कचहरी पंच पद के लिए 7,870 अभ्यर्थी तथा ग्राम कचहरी सरपंच पद के लिए 1,711 महिलाओं को आज परिणाम का इंतजार है।
बिना लड़ाई के मिल गई जीत
11 वें चरण में 2147 प्रत्याशी ऐसे हैं, जो बिना लड़ाई के ही जीत गए हैं। यानी निर्विरोध निर्वाचित हुए हैं। इसमें ग्राम पंचायत सदस्य पद पर 89, पंचायत समिति सदस्य पद के लिए 1 तथा ग्राम कचहरी पंच पद के लिए 2,057 प्रत्याशी शामिल हैं। 10वें चरण में कुल 76 पदों पर किसी भी अभ्यर्थी द्वारा दावेदारी नहीं की गई थी। इस कारण से 76 पद रिक्त रह गए हैं, जिसमें 1 पद ग्राम पंचायत सदस्य एवं 75 पद ग्राम कचहरी पंच के पद शामिल हैं।
Copyright © 2022-23 DB Corp ltd., All Rights Reserved
This website follows the DNPA Code of Ethics.