पंचायत चुनाव में इस बार पुरुषों पर महिलाएं भारी पड़ रही हैं। रविवार को पुपरी और बाजपट्टी प्रखंड में मतदान हुआ, जिसमें पुरुषों की तुलना में महिला मतदाताओं ने अधिक मतदान किया। शाम पांच बजे मतदान समाप्त होने पर बाजपट्टी प्रखंड में 54% तो पुपरी में 59% मतदान हुआ। इस दौरान कड़ी धूप के बाद भी वोटरों का उत्साह दिखाई दिया। बूथों पर लंबी लंबी लाइन लगी रही।
बाजपट्टी प्रखंड में पुरुष मतदाताओं ने 53% तथा महिला मतदाताओं ने 56% मतदान किया है। इसी प्रकार पुपरी प्रखंड में पुरुष मतदाताओं ने 51% तथा महिला मतदाताओं ने 68% मतदान किया है। हालांकि अधिकारियों का कहना है कि मतदान का प्रतिशत और बढेगा, क्योंकि जिन मतदान केंद्रों पर शाम पांच बजे के बाद लाइन में लगे हुए हैं, उनके मतदान करने पर प्रतिशत बढ़ सकता है। दोनों प्रखंडों में मतदान शांतिपूर्ण संपन्न हो गया।
इससे पहले नानपुर, चोरौत, बोखड़ा, बथनाहा और डुमरा प्रखंड में चुनाव संपन्न हो गया है। इन प्रखंडों में भी महिला मतदाताओं ने पुरुषों की तुलना में अधिक मतदान किया है। पुरुषों से महिलाओं का अधिक मतदान होने का मुख्य कारण महिला मतदाताओं को घर से बाहर निकलना अधिक माना जा रहा है। मतदान करने वालों में गरीब तबके की महिलाएं अधिक हैं। इस बार पंचायत चुनाव में सबसे अधिक 20 से 50 आयुवर्ग से मतदाता अधिक हैं। उनके ही वोट निर्णायक हो रहे हैं।
नोक झोंक के बीच शिवहर में शाम पांच बजे तक 60.55 फीसद मतदान
शिवहर जिले के डुमरी कटसरी प्रखंड में प्रशासनिक व्यवस्था के बीच शांतिपूर्ण तरीके से रविवार को पंचायत चुनाव के लिए मतदान हुआ। इस दौरान बंपर वोटिंग हुई। पुरुषों की अपेक्षा महिलाओं ने जमकर मतदान किया। कुल 112 बूथों पर मतदाताओं ने मतदान कर लोकतंत्र में आस्था व्यक्त की। साथ ही कुल 847 प्रत्याशियों की किस्मत ईवीएम और बैलेट बाक्स में कैद हो गई।
मतदान में महिलाओं ने काफी बढ़-चढ़कर भाग लिया। शाम पांच बजे तक कुल 60.55 फीसद मतदान हुआ। 71.54 फीसद महिला और 50.51 फीसद पुरुषों ने मतदान किया। देर शाम तक 18 बूथों पर मतदाताओं की कतार लगी हुई और मतदान हो रहा है। मतदान के दौरान सुरक्षा के पुख्ता इंतजाम रहे।
श्यामपुर स्थित बूथ संख्या तीन पर पोलिंग एजेंट की तैनाती को लेकर प्रत्याशी के समर्थकों में कुछ देर तक के लिए टकराव की स्थिति रही। सूचना के बाद मौके पर पहुंचे एसडीओ-एसडीपीओ ने स्थिति नियंत्रित की। इसके अलावा कही से भी किसी प्रकार की गड़बड़ी की सूचना नहीं है। डीएम सज्जन राजशेखर और एसपी डॉ. संजय भारती ने स्वच्छ, निष्पक्ष, शांतिपूर्ण और भयमुक्त मतदान के लिए मतदाता, मतदान कर्मियों तथा अधिकारियों के प्रति आभार जताया है।
Copyright © 2022-23 DB Corp ltd., All Rights Reserved
This website follows the DNPA Code of Ethics.