एक बार फिर से जमुई सांसद चिराग पासवान की पार्टी लोजपा (रामविलास) में बगावत हो गई है। पार्टी के एक प्रवक्ता ने अपने प्रदेश नेतृत्व के खिलाफ ही मोर्चा खोल दिया है। बुधवार को पटना में प्रवक्ता कृष्ण सिंह कल्लू ने प्रदेश अध्यक्ष व पूर्व विधायक राजू तिवारी पर चिराग पासवान और उनकी पार्टी को लगातार कमजोर करने का आरोप लगाया है।
प्रदेश अध्यक्ष के उपर प्रवक्ता कृष्ण सिंह कल्लू का सबसे गंभीर आरोप ये है कि वो लोजपा का बंटवारा करने वाले चिराग के चाचा और केंद्रीय पशुपति कुमार पारस से मिले हुए हैं। प्रवक्ता का दावा है की वो रात के अंधेरे में जाकर राजू तिवारी ने पशुपति कुमार पारस से मुलाकात भी की है।
चिराग से शिकायत करने पर 6 साल के लिए निकाला
कृष्ण सिंह कल्लू का कहना है कि उन्होंने प्रदेश अध्यक्ष के कारनामों की शिकायत लिखित तौर पर पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष चिराग पासवान से की। उन्हें एक लेटर लिख कर भेजा। इसमें पार्टी को कमजोर और बांटने की चल रही साजिशों का खुलासा किया। जिसके बाद प्रदेश अध्यक्ष राजू तिवारी 6 साल के लिए उन्हें पार्टी से निकाल दिया।
जबकि, मैंने पार्टी में लोकतंत्र के लिए आवाज बुलंद की थी। खुद को पार्टी से निकाले जाने की इस कार्रवाई को मैं सही नहीं मानता। पार्टी के संविधान को आधार बनाकर आगे की लड़ाई लड़ूंगा। प्रवक्ता ने दावा किया कि पार्टी में बहुत से ऐसे लोग हैं जो राजू तिवारी की साजिश से पीड़ित हैं। वो लोग भी बहुत जल्द अपनी आवाज बुलंद करेंगे।
कॉल डिटेल की जांच से सब कुछ हो जाएगा स्पष्ट
कृष्ण सिंह कल्लू ने दावा किया कि जल्द वो सभी के सामने कुछ ऐसे सबूत रखेंगे, जिससे यह बात साबित होगी की कि राजू तिवारी पार्टी को किस प्रकार से कमजोर कर रहे हैं। किस तरह से वो राष्ट्रीय अध्यक्ष चिराग पासवान के खिलाफ साजिश रच रहे हैं। इसका बात का प्रमाण यह भी है कि वो रात के अंधेरे में पशुपति कुमार पारस से मिलने जाते हैं। राजू तिवारी पशुपति पारस के एजेंट के रूप में काम कर रहे हैं।
अब उनका रालोजपा प्रेम खुलकर सामने आ चुका है। अगर राष्ट्रीय लोजपा के युवा अध्यक्ष के कॉल डिटेल को खंगाल दिया जाए तो बहुत ठोस सबूत सामने आएगा। क्योंकि, यही वो शख्स है जो अपने नंबर से राजू तिवारी और पशुपति कुमार पारस की बात करता है। इन दोनों के बीच की वो मजबूत कड़ी है। इनके वजह से एक बार फिर से पार्टी बड़ी टूट की ओर बढ़ रही है।
Copyright © 2023-24 DB Corp ltd., All Rights Reserved
This website follows the DNPA Code of Ethics.