- Hindi News
- National
- Ara News Corona39s Awe Increased Vigil In Hospitals Of The District Leave Of Doctors Canceled
कोरोना का खौफ: जिले के अस्पतालों में बढ़ी चौकसी, डॉक्टरों की छुट्टी हुई कैंसल
कोरोना वायरस महामारी बनकर देश में फैल रही है। इसके रोकथाम का प्रयास विश्वस्तर पर जारी है। सदर अस्पताल आरा में एहतियात के तौर पर प्रबंधन ने डॉक्टरों की छुट्टी अगले आदेश तक कैंसिल कर दी है। अस्पताल अधीक्षक डाॅ. सतीश कुमार सिन्हा ने 10 कमरों के आइसोलेशन वार्ड का निरीक्षण करने के बाद सेमिनार के माध्यम से डॉक्टर व कर्मियों को काेरोना वायरस से बचाव के बारे में बताकर जागरूक किया। दूसरी ओर शिक्षा विभाग के राज्य परियोजना निदेशक संजय सिंह के निर्देश पर भोजपुर जिले के सभी निजी व सरकारी स्कूलों, वित्त रहित विद्यालयों, कॉलेजाें और कोचिंग संस्थानों को अगले आदेश तक बंद करने के निर्देश दिए हैं।
छात्रावास, सिनेमा हॉल, आंगनबाड़ी केन्द्र व खेलकूद प्रतियोगिता पर भी रहेगी पाबंदी
मुख्य सचिव के द्वारा भोजपुर के डीएम व एसपी को कई तरह के निर्देश जारी किए गए है। सभी सरकारी छात्रावास, सभी सिनेमा घर, सभी आंगनबाड़ी केन्द्रों को भी बंद करने का आदेश दिया गया है। स्कूलों के बंद रहने से मिड डे मील की राशि अिभभावको के खाते में भेजी जाएगी। वही बिहार दिवस पर आयोजित होनेवाले कार्यक्रमों को स्थगित करते हुए जिलास्तर पर खेलकूद प्रतियोगिता, सांस्कृ़तिक कार्यक्रमों पर भी रोक लगा दी गई है। वहीं नागरी प्रचारिणी व सांस्कृ़तिक भवन की बुकिंग पर रोक लगा दी गई है। प्रस्तावित विशेष ग्राम सभा को भी स्थगित कर दिया गया है।
सावधानी से ही कोरोना से बचाव संभव
अधीक्षक डा सतीश कुमार सिन्हा ने निरीक्षण के दौरान ही ओपीडी में सेमिनार आयोजित किया। इस सेमिनार के माध्यम से डा राजीव, डा आशुतोष कुमार, डा विकास, डा प्रतीक आदि ने कहा कि कोरोना से बचाव का प्रमुख हथियार जागरुकता है। सावधानी बरतकर इसका मुकाबला किया जा सकता है। बहुत से लोग एन-95 मास्क पर निर्भर है,बचाव के लिए मोटा मास्क जरूरी है।
यात्रियों को जागरूक करेगा रेलवे
कोरोना वायरस को लेकर रेलवे ने भी सतर्कता बरतनी शुरू कर दी है। आरा स्टेशन पर एंटी बैक्टीरियल फॉगिंग दानापुर से टीम अाकर करेगी। दानापुर रेल मंडल के डीआरएम सुनील कुमार ने बताया कि यात्रियों को जागरूक करने के हर संभव प्रयास किए जा रहे हैं।
छींक आते ही दूरी बना रहे लोग
प्रशासन कोरोना वायरस से बचाव के लिए लगातार जागरुकता अभियान चला रहा है लेकिन वायरस का भय लोगों के मन में बैठ रहा है। जैसे-जैसे महामारी की जानकारी प्राप्त हो रही है। शहर के कई मुहल्लों में छींक व खांसी आते ही पीड़ित को देखकर सामने वाला दूरी बना रहा है।
दानापुर रेलवे की टीम आरा स्टेशन पर करेगी एंटी बैक्टीरियल फॉगिंग ताकि रोग से हो बचाव
आपातकाल के लिए पूरी तरह अस्पताल प्रबंधन सजग और तैयार है। कोरोना वायरस को लेकर एएनएम, आंगनबाड़ी सेविका, हेल्थ केयर, वर्कर को जागरूक किया जा रहा है। जिलास्तर पर होने वाली गतिविधियों की नियमित निगरानी की जा रही है। संदिग्ध मरीजों को चिह्नित कर 14 दिनों के लिए आइसोलेशन वार्ड में रखा जा रहा है।
-डाॅ. ललितेश्वर झा, सिविल सर्जन, सदर अस्पताल
आइसोलेशन वार्ड का अधीक्षक ने किया निरीक्षण, 10 बेड पर लगाए गए साफ-सुथरे चादर
अस्पताल के नशामुक्ति केन्द्र के बगल में अस्पताल प्रबंधन ने आइसोलेटेड वार्ड बनाया है। इस आइसोलेटेड वार्ड में 10 बेड लगाए गए है। शुक्रवार काे विभाग से आए निर्देश के बाद अस्पताल अधीक्षक डा सतीश कुमार सिन्हा ने आइसोलेटेड वार्ड का निरीक्षण किया। उनके सामने ही साफ-सुथरे चादर बिछाए गए। इसके बाद वह अस्पताल के वार्डों में जाकर मरीजों के बारे में जानकारी लेते रहे।
सरकारी स्कूलों के बंद रहने से खाते में भेजी जाएगी मिड डे मील की राशि
कोरोनावायरस पर सेमिनार को संबोधित करते सदर अस्पताल के अधीक्षक।