एनएच 30 पर मौत का कहर, पिकअप से भिड़ने के बाद ऑटो में सवार 3 की मौत
गुरुवार को आरा-मोहनिया नेशनल हाइवे-30 पर मौत का कहर बरपा। एनएच पर जगदीशपुर प्रखंड के बभनियांव गांव के समीप एक टेम्पो और पिकअप गाड़ी की आमने-सामने भीषण टक्कर हो गई। इस दर्दनाक हादसे में टेम्पो में सवार दो यात्रियों की घटनास्थल पर ही मौत हो गई। बाद में गंभीर रूप से घायल तीसरे यात्री की आरा शहर में इलाज के दौरान मौत हो गई। टेम्पो में सवार अन्य यात्री भी गंभीर रूप से घायल हो गए। सभी मृतक व घायल जगदीशपुर प्रखंड में धनगाई थाना अंतर्गत दलीपुर गांव के निवासी हैं। मृतकों में टेम्पो चालक 20 वर्षीय राहुल कुमार, पिता स्व. रामचन्द्र रवानी एवं 70 वर्षीय बुजुर्ग नथुनी मिश्रा की घटनास्थल पर मौत हुई। जबकि, इलाज के दौरान आरा के अस्पताल में सुरेश महतो की मौत हुई। नथुनी मिश्र अपने इलाज के लिए आरा शहर जा रहे थे। सुरेश पश्चिम बंगाल के अासनसाेल जंक्शन जाने के लिए आरा स्टेशन पर ट्रेन पकड़ने जा रहा था। घटना के दौरान टेम्पो के परखच्चे उड़ गए। इधर, हाइवे पर दुर्घटना होते ही अगल-बगल के लोग दौड़कर घटनास्थल पर पहुंचे। आनन-फानन में घायलों को अनुमंडलीय अस्पताल, दुलौर ले जाया गया।
समय पर नहीं मिली एम्बुलेंस, लोगों में गुस्सा
घटना में घायलों को उचित इलाज के लिए आरा सदर अस्पताल ले जाने को लेकर अनुमंडलीय अस्पताल परिसर में अफरा-तफरी मची रही। एम्बुलेंस की तत्काल व्यवस्था नहीं होने पर मौके पर पहुंचे पूर्व विधायक भाई दिनेश ने आक्रोश व्यक्त किया। वहीं, परिजनों द्वारा अन्य माध्यमों के द्वारा घायलों को इलाज के लिए ले जाया गया।
दलीपुर में हाहाकार, घरों में नहीं जले चूल्हे
घटना की सूचना मिलते ही प|ी उर्मिला देवी एवं दो पुत्र मनीष एवं धर्मेन्द्र कुमार का रो-रोकर बुरा हाल हो गया।ग्रामीणों ने बताया कि सुरेश महतो बाहर प्राइवेट नौकरी करते थे। पिछले माह फरवरी में अपने बेटे मनीष के शादी में घर दलीपपुर आये थे। धूमधाम से शादी किये फिर होली भी परिवार के साथ खुशी मनाकर अपने बहन के यहां आसनसोल किसी समारोह में जाने के लिए आज घर से निकले थे।
कैसे हुआ हादसा...
ग्रामीणों के अनुसार दलीपपुर गांव से टेम्पो रिजर्व कर चालक के अलावे 6 व्यक्ति आरा जाने के लिए निकले थे। इनमें एक व्यक्ति को पश्चिम बंगाल के आसनसोल शहर व किसी को पटना में शादी समारोह, किसी को इलाज के लिए आरा जाना था। जैसे ही टेम्पो आरा-मोहनियां एनएच-30 पर बभनियांव गांव के समीप पहुंची, आरा तरफ से तेज गति से आ रही पिकअप गाड़ी से आमने-सामने टकरा गई। टक्कर इतना भीषण था कि टेम्पो के परखच्चे उड़ गए। जोरदार टक्कर के बाद पिकअप भी सड़क किनारे पलट गई। इस दर्दनाक हादसे में दलीपुर निवासी टेम्पो चालक राहुल व बुजुर्ग नथुनी मिश्र की मौत हो गई।
धमाके से डर गए ग्रामीण, बोले- लगा बम बलास्ट हुआ
ग्रामीणों ने बताया कि इतनी भीषण टक्कर हुई कि धमाके की आवाज काफी दूर तक गई। लोग कुछ समझ पाते हादसा हो चुका था। लाशों के बिखरे पड़े होने के साथ ही घायलों के चीत्कार से वहां पहुंचे लोगों के रोंगटे खड़े हो गए। सूचना मिलते ही एमएलए भाई दिनेश भी मौके पर पहुंचे।
इलाज के दौरान गई सुरेश की जान
मृतक सुरेश महतो दलीपपुर गांव से आसनसोल अपने बहन के यहां किसी समारोह में भाग लेने जाने के लिए घर से खुशी-खुशी निकले थे। लेकिन शायद किस्मत को ये मंजूर न था। इस घटना में वो गंभीर रूप से घायल हो गए। बाद में इलाज के दौरान उनकी मौत हो गई। इससे वहां मौजूद परिजन भावुक हो गए।
जगदीशपुर मंें एनएच पर सड़क दुर्घटना के बाद जुटे लोग।
हाईवे पर मची रही अफरा-तफरी
सूचना मिलते ही जगदीशपुर थाने की पुलिस भी घटनास्थल पर पहुंची और मृतकों के शव को कब्जे में ले लिया। इस दौरान काफी देर तक हाइवे पर अफरा-तफरी मची रही। देखते ही देखते सैकड़ों लोगों की भीड़ घटनास्थल पर पहुंच गई। हर कोई भीषण दुर्घटना को देखकर हतप्रभ था। पिकअप गाड़ी का नंबर-प्लेट झारखंड का है। जिसे काेयलांचल (बोकारो) का बताया जा रहा है।
जगदीशपुर प्रखंड के बभनियांव गांव के पास की घटना, दो की मौके पर ही गई जान