दिल्ली का था हादसे में मारा गया अज्ञात, चालक गिरफ्तार
सकड्डी-नासरीगंज स्टेट हाईवे 81 पर खैरा के पास गुरुवार की देर शाम ट्रक से दबकर मरे अज्ञात युवक की पहचान कर ली गई है। मृतक शिव अवतार कुमार, नई दिल्ली के सरोजिनी नगर निवासी दुर्गा प्रसाद का पुत्र था। मृतक दुर्घटनाग्रस्त ट्रक के बगल में खड़ी दूसरे ट्रक का हेल्पर था। शिव अवतार की मौत के बाद उसके ट्रक का ड्राइवर डर से भाग गया था। जिससे घटना की रात शव की पहचान नहीं हो सकी थी। बाद में शिव अवतार के ट्रक से मिले आधार-कार्ड के जरिए पुलिस ने उसकी शिनाख्त करने में सफलता पाई। शिवअवतार की मौत जिस ट्रक से दबकर हुई, उसके लिए पुलिस ने झारखंड राज्य निवासी उसके चालक गुलाम अली खान को जिम्मेदार माना है। इस आधार पर गुलाम अली को गिरफ्तार कर जेल भेज दिया है। ट्रक चालक गुलाम, झारखंड के कोडरमा जिला अंतर्गत जयनगर थाना क्षेत्र से कोडरमा निवासी दाऊद अली खान का पुत्र है। बताते चलें कि गुरुवार की देर शाम सकड्डी-नासरीगंज स्टेट हाईवे 81 पर छड़ लदे दो ट्रक पास में ही खड़े थे। बैक करने के दौरान अंधेरा होने के कारण दूसरे ट्रक का हेल्पर नई दिल्ली निवासी शिव अवतार ट्रक की चपेट में आ गया। जिससे उसकी मौत घटनास्थल पर ही हो गई। अपने हेल्पर की मौत के बाद उस ट्रक का चालक ट्रक छोड़कर फरार हो गया। घटना की खबर मिलने पर सहार थाना की पुलिस ने मौके पर पहुंचकर दुर्घटना के लिए जिम्मेवार चालक को हिरासत में लेते हुए ट्रक को जब्त कर लिया था। मृतक जिस ट्रक का हेल्पर था, उसका चालक भाग गया था। पुलिस ने मृतक के शव को पोस्टमार्टम के लिए गुरुवार की रात ही आरा भेज दिया था। सहार थाना के थानाध्यक्ष मनिंद्र कुमार ने बताया कि मृत हेल्पर के ट्रक मालिक को इसकी सूचना दे दी गई है।