आरा से मलियाबाग होकर बक्सर के लिए सरकारी बस सेवा शुरू हुई
भोजपुर जिला के मुख्यालय आरा शहर से पहली बार बिहार राज्य पथ परिवहन विभाग ने मलियाबाग-नावानगर होते बक्सर के लिए बस सेवा शुरु कर दी है। दूसरी अोर, वर्ष के लंबे अंतराल के बाद एक बार फिर से आरा-भभुआ की बंद परिवहन सुविधा को प्रारंभ कर दिया गया है। इन दोनों सेवा के शुरु हो जाने से इन रास्तों से चलने वाले रोजाना सैकड़ों लोगों को लाभ मिलेगा। आरा-बक्सर की बस सेवा शुरु करने की लंबे समय से की जा रही मांग व आम लोगों की समस्याओं को देखते हुए आरा शहर से पहली बार यह सुविधा परिवहन विभाग ने प्रारंभ कर दिया है। आरा-बक्सर की बस आरा के बाद जगदीशपुर, सोनवर्षा, मलियाबाग, नवानगर, सरैंया, डुमरांव बाजार, डुमरांव स्टेशन व भोजपुर होते बक्सर पहुंचेगी। बस प्रतिदिन एक बार आएगी और जायेगी। दूसरी तरफ, पांच वर्ष के बाद एक बार फिर बिहार राज्य पथ परिवहन निगम ने आरा से भभुआ के लिए बस सेवा प्रारंभ कर दी है। यह बस अारा से जगदीशपुर, मलियाबाग, दिनारा, कोचस, मोहनियां व भभुआ के लिए खुलेगी।
आरा सरकारी बस डीपो से 12 बसों का
रोजाना होता है परिचालन
भोजपुर जिले के एकमात्र सरकारी बस डीपो से रोजाना 12 स्टेट बसों का परिचालन होता है। इसमें सबसे ज्यादा सासाराम के लिए 4, छपरा के लिए 3, बक्सर के लिए 2, भभुआ, कोचस व नौहट्टा के लिए 1-1 बसों का परिचालन होता है। इसमें से सासाराम के लिए चलने वाली 4 बस पुरानी है, वहीं अन्य बसें नयी है।
पांच वर्षों के बाद आरा-भभुआ के लिए भी चलने लगी स्टेट बसें, भभुआ जानेवाली सरकारी बस अधौरा भी जायेगी, नई बस सेवा से लोगों में खुशी
निजी बसों से कम होगा इन सरकारी बसों का किराया
आरा-भभुआ के लिए खुलने वाली बस प्रारंभ में भभुआ तक ही चल रही है। सबकुछ सही रहने के बाद यह बस भविष्य में अधौरा तक जायेगी। बस भभुआ से खुलकर भगवानपुर होते हुए अधौरा पहुंचेगी। अधीक्षक ने बताया कि निजी बसों से इन बसों का किराया भी कम है।
आरा से पहली बार रोहतास जिला के मलियाबाग होते हुए बक्सर के लिए सरकारी बस और 5 वर्ष के बाद भभुआ के लिए एक बार फिर बस चलने से आम यात्रियों को काफी लाभ मिलेगा। दोनों जगह के लिए बस रोजाना एक बार जायेगी और आयेगी। भविष्य में इन मार्गों पर और भी बसों की संख्या बढ़ाने के लिए निगम विचार कर रहा है।
- नागेन्द्र कुमार सिंह, प्रबंधक, सरकारी बस डीपो, भोजपुर
आरा से बक्सर के लिए सुबह 6:05 बजे और भभुआ के लिए सुबह 5:30 में खुलेगी
आरा सरकारी बस डीपो से बक्सर के लिए स्टेट बस सुबह 6:05 बजे खुलेगी। यह बस बक्सर 9:50 पहुंचेगी। वहां से 11:10 बजे खुलने के बाद वह आरा बस डीपो में दोपहर को 2:55 बजे पहुंचेगी। वहीं, आरा से भभुआ के लिए बस सुबह 5:30 बजे खुलेगी। भभुआ बस 9:30 बजे पहुंच जायेगी। इसके बाद वहां से दोपहर 2 बजे खुलेगी और वह आरा सरकारी डीपो में शाम 6:30 बजे पहुंच जायेगी।
आरा से मलिहाबाग होकर बक्सर के लिए रवाना होती स्टेट बस