रॉयल्टी बकाया रखने वाले ईंट भट्ठा संचालकों को नोटिस
भोजपुर जिले में खनन विभाग का 80 लाख रुपए का रॉयल्टी बकाया 60 ईंट चिमनी-भट्ठा संचालकों के ऊपर है। खनन विभाग ने सभी को बकाया राशि अविलंब जमा करने का नोटिस दिया है। 20 मार्च तक बकाये की राशि जमा नहीं करने पर खनन विभाग ने सभी के खिलाफ छापेमारी कर चिमनी-भट्ठा बंद कराने के साथ-साथ प्राथमिकी दर्ज करने की चेतावनी दिया है। विभाग ने उक्त कार्रवाई राजस्व की बकाये काे देखते हुए किया गया है। इस नोटिस के बाद बकाया रखने वाले ईंट चिमनी-भट्ठा संचालकों में हड़कंप मच गया है। बताया जाता है कि भोजपुर जिले के सभी 14 प्रखंडों में लगभग 200 से ज्यादा रजिस्टर्ड चिमनी-भट्ठा हैं। इनमें से 120 संचालकों के द्वारा समय पर रॉयल्टी खनन विभाग को जमा कर दिया गया है। दूसरी तरफ, 80 के द्वारा अब तक रॉयल्टी जमा नहीं किया गया है। मालूम हो कि जिले में ईंट का चिमनी-भट्ठा संचालन के लिए मिट्टी की कटाई समेत अन्य कार्यों को करने के लिए जिला खनन विभाग को वर्ष में एक बार रॉयल्टी दी जाती है। रॉयल्टी के बकाया रहने से राज्य मुख्यालय के द्वारा भी जिला कार्यालय को कई बार चेतावनी मिल चुकी है। इसके बाद भी रॉयल्टी जमा नहीं होने पर खनन विभाग के जिला कार्यालय ने सभी बकायेदारों के खिलाफ कड़ा एक्शन लेते हुए नोटिस जारी किया है।
18 संचालकों के खिलाफ खनन विभाग ने किया सर्टिफिकेट केस
जिले के विभिन्न प्रखंडों में चल रहे संचालकों के द्वारा 9 लाख रुपया रॉयल्टी बकाया रखने के कारण सभी के खिलाफ सर्टिफिकेट-केस खनन विभाग के द्वारा किया गया है। इस बारे में जिला खनन विभाग ने आरा, जगदीशपुर व पीरो अनुमंडल के एसडीओ के पास कार्रवाई के लिए पत्र भेजा है। सर्टिफिकेट-केस जिले के गड़हनी अवस्थित ध्यानी टोला में कुंदन सिंह, सतेन्द्र सिंह, पिंटू सिंह व सुदामा सिंह, चौरी थाना क्षेत्र में विनोद सिंह व जीतन सिंह, बिहिया के छोटन सिंह व राकेश चौबे, जगदीशपुर के अजीत सिंह, मनोज सिंह आिद पर किया गया है।
वित्तीय वर्ष के अंतिम 18 दिन में 80 लाख रु की वसूली बड़ी चुनाैती
भोजपुर जिला खनन कार्यालय को इस वर्ष 3 करोड़ रुपए की राजस्व वसूली करने का लक्ष्य रखा गया है। विभाग के द्वारा अब तक 1.20 करोड़ रुपए की वसूली हो चुकी है। विभाग बार-बार बकाये की राशि 80 लाख रुपए की वसूली करने का आदेश जिला खनन कार्यालय को दे रहा है। 20 मार्च तक बकाया जमा नहीं करने पर विभाग बकायेदारों के खिलाफ छापेमारी कर जुर्माने के साथ बकाया राशि जमा करायेगा। इसके बाद भी राशि जमा नहीं करने पर प्राथमिकी दर्ज की जायेगी।
बकायेदारों के खिलाफ होगी प्राथमिकी
भोजपुर जिले में 80 लाख का बकाया रखने वाले 60 ईंट संचालकों के खिलाफ प्राथमिकी दर्ज करने के साथ चिमनी-भट्ठा को बंद करने की कार्रवाई की जायेगी। इसके लिए सभी को बकाया जमा करने के लिए नोटिस किया गया है।
- प्रमोद कुमार, जिला खनन पदाधिकारी, भोजपुर
ईट चिमनी भट्टा।