माध्यमिक शिक्षक संघ के शिक्षकों ने 13 वें दिन भी धरना देकर रखीं मांगें
बिहार माध्यमिक शिक्षक संघ के तत्वावधान में सरकार के उपेक्षापूर्ण नीति के खिलाफ शिक्षकों का 13 वें दिन रविवार होने के बाद भी जेपी स्मारक के समीप जारी रहा। मौके पर सभी हड़ताली शिक्षकों ने होली नहीं मनाने का संकल्प लिया। इस उपलक्ष्य में बिहार माध्यमिक शिक्षक संघ के प्रमंडल सचिव चंद्रकिशोर कुमार धरना में शामिल हुए। संबोधित करते उन्होंने कहा कि हठकर्मी सरकार के विरूद्ध लंबी लड़ाई चलेगी व हमें इसके लिए हतोत्साहित हुए बिना डटे रहना होगा। बीएसटीए की स्वतंत्रता के बाद ऐतिहासिक दूसरी बड़ी लड़ाई है और हम पहले की तरह इस बार भी कामयाब होंगे। राज्य कार्यकारिणी सदस्य संतोष कुमार सिंह ने कहा कि जब तक शिक्षकों की मांगों पर सरकार पहल नहीं करती तब तक हड़ताल जारी रहेगी। हड़ताली शिक्षक होली भी नहीं मनाएंगे और 13 व 14 को डीईओ कार्यालय का घेराव भी करेंगे। मौके पर अध्यक्षता मुक्तेश्वर उपाध्याय, संचालन चन्द्रशेखर सिंह ने किया। संबोधित करनेवालों में सचिव रविशंकर मिश्रा, अशोक पाण्डेय, भीम राय, मृत्यूंजय, कावेरी मोहन, आनंद बिहारी, श्याम बाबू सहित काफी संख्या में शिक्षक मौजूद थे।
जेपी स्मारक के समीप धरना देते हड़ताली शिक्षक।