- Hindi News
- National
- Ara News Students Can Now Submit Offline Application For Benefits Under Student Credit Card Scheme
विद्यार्थी अब स्टूडेंट क्रेडिट कार्ड योजना में लाभ के लिए विवि में दे सकते हैं ऑफलाइन आवेदन
सात निश्चय योजना के तहत आर्थिक हल युवाओं को बल देने के लिए बिहार स्टूडेंट क्रेडिट कार्ड योजना का प्रचार-प्रसार कॉलेजों में किया जाएगा। विश्वविद्यालय एवं कॉलेजों में अब विद्यार्थी स्टूडेंट क्रेडिट कार्ड योजना के लिए ऑफलाइन भी आवेदन कर सकते हैं। डीआरसी के प्रबंधक इंदू चक्रवर्ती ने बताया कि प्रत्येक कॉलेज के लिए कर्मियों को नियुक्त किया गया है। वीर कुंवर सिंह विश्वविद्यालय के लिए एसडब्ल्यूओ राजकुमार, एचडी जैन कॉलेज के लिए कुणाल कुमार व महादेवानंद महिला कॉलेज के लिए एमपीए पल्लवी प्रिया को नियुक्त किया गया है। एसबी कॉलेज आरा, वर्मा कॉलेज ऑफ नर्सिंग एंड पैरामेडिकल साइंस, तपेश्वर सिंह इंदू महिला कॉलेज एवं महाराजा कॉलेज के लिए क्रमश: एसडब्लूओ अमन कुमार, राकेश कुमार एवं उर्मिला कुमारी को नामित किया गया है। जगजीवन कॉलेज व तीन अन्य के लिए एसडब्ल्यूओ सुरेश चौधरी एवं एमपीए नेहा कुमारी को नियुक्त किया गया है। उन्होंने बताया कि आर्थिक रूप से कमजोर युवा संबंधित कर्मी अथवा डीआरसी कार्यालय से संपर्क कर स्टूडेंट क्रेडिट कार्ड योजना का लाभ उठा सकते है।
ऑफलाइन भी आवेदन कर सकते हैं विद्यार्थी : डीआरसी के प्रबंधक ने बताया कि स्टूडेंट क्रेडिट कार्ड के लिए विद्यार्थी ऑफलाइन भी आवेदन कर सकते हैं। इसके लिए महाविद्यालय एवं संस्थानों में तालिका के अनुरूप जिला निबंधन एवं परामर्श केंद्र के कर्मियों को नामित किया गया है। इसका मुख्य उद्देश्य ज्यादा से ज्यादा आर्थिक रूप से कमजोर युवाओं को जोड़ना है।
चार प्रतिशत ब्याज पर मिलेगा छात्रों को ऋण : स्टुडेंट क्रेडिट कार्ड के तहत छात्र को चार प्रतिशत ब्याज पर ऋण दिया जा रहा है। छात्राओं एवं दिव्यांगों को एक प्रतिशत पर इस योजना के तहत ऋण मुहैया कराया जा रहा है। कोर्स पूरा होने के एक वर्ष बाद से ब्याज की राशि विद्यार्थियों पर देय होगी।
बिहार के मूलनिवासी को ही मिलेगा योजना का लाभ
स्टुडेंट क्रेडिट कार्ड योजना का लाभ वैसे ही छात्र-छात्राएं उठा सकते है, जो मूलत: बिहार के निवासी हो। बिहार राज्य मान्यता प्राप्त संस्थानाें से उत्तीर्ण हुए है। छात्र कल्याण अध्यक्ष डॉ केके सिंह ने बताया कि 12 वीं अथवा समतुल्य परीक्षा उत्तीर्ण विद्यार्थी, जिसकी उम्र अधिकतम आवेदन करने की तिथि को 25 वर्ष है। साथ ही पीजी स्तर के निर्धारित पाठ्यक्रम, जिनमें एडमिशन के लिए न्यूनतम शैक्षणिक योग्यता स्नातक उत्तीर्ण व अधिकतम उम्र 30 वर्ष है, वें इस योजना का लाभ उठा सकते हैं।