- Hindi News
- National
- Forbesganj News Auto Driver Stabbed Young Man With Knife Looted Goods Including Cash And Escaped
ऑटो चालक ने युवक को चाकू मारकर किया घायल, नकदी सहित सामान लूट कर फरार
पुलिस ने छापेमारी कर ऑटो चालक को किया गिरफ्तार, एक फरार
हरियाणा से मजदूरी कर होली मनाने घर लौट रहे दो महादलित युवकों को ऑटो चालक एवं एक अन्य अपराधी के सहयोग से स्थानीय बियाडा क्षेत्र के समीप लूटपाट की घटना को अंजाम देते हुए चाकू मारकर गंभीर रूप से घायल कर दिया।
ऑटो चालक के रूप में दोनों अपराधियों ने महादलित युवकों से नगद राशि सहित बैग आदि लूट लिया अाैर ऑटो सहित फरार हो गया। इधर, घायल युवक के दोस्त द्वारा शाेर मचाने पर लोगों ने उसे अस्पताल पहुंचाया। घायल सतीश कुमार ऋषिदेव नरपतगंज थाना क्षेत्र के रेवाही पंचायत अंतर्गत वार्ड 10 निवासी दरपी ऋषिदेव का पुत्र तथा उसका दोस्त मिथिलेश कुमार ऋषिदेव पिता झरखू ऋषिदेव बताया गया। इधर, घटना की जानकारी मिलते ही पुलिस ने अस्पताल पहुंच कर घटना की जानकारी ली। जिसके बाद अपराधियों की धर पकड़ के लिए चिह्नित इलाकों की नाकेबंदी करते हुए महज दो से तीन घंटे के भीतर आरोपी ऑटो चालक को लूट की राशि एवं सामान के साथ घटना में प्रयोग किए गए चाकू आदि के साथ गिरफ्तार कर लिया गया।
ऑटो की तलाशी लेने पर सामान के अलावा कपड़े अाैर हथकड़ी की चाबी भी पुलिस के हाथ लगी है। गिरफ्तार ऑटो चालक सरफराज अंसारी रामपुर दक्षिण के अंसारी टोला का रहने वाला है। अभियान का नेतृत्व स्वयं थानाध्यक्ष कर रहे थे। जबकि इसमें दारोगा बिजेंद्र कुमार सिंह व टाइगर मोबाइल के जवान भी सक्रिय थे। खास बात यह है कि लूट की घटना में गिरफ्तार ऑटो चालक सरफराज और उसके फरार साथी द्वारा पूर्व में भी इस प्रकार की घटना को अंजाम दिया गया है। इससे पहले फारबिसगंज-रानीगंज मार्ग स्थित लुटिया पुल के पास दर्जनों लूट की घटनाओं में दोनों की संलिप्तता की बात सामने आई है। इसी मामले में पुलिस को दोनों की तलाश थी। सूत्रों की मानें तो गिरफ्तार सरफराज व मौके से फरार अपराधी इस मार्ग पर राह चलते राहगीरों से मोबाइल, रुपए आदि की लूट की घटना को अंजाम देने में माहिर था। यही कारण है कि इस बार जैसे ही पुलिस को लूटकांड की सूचना मिली, पुलिस ने तत्परता दिखाते हुए कार्रवाई शुरू की और चालक पुलिस के हत्थे चढ़ गया।
हरियाणा से मजदूरी कर लौट रहा था घर
घायल मिथिलेश ऋषिदेव ने बताया कि वह और उसका दोस्त दोनों हरियाणा के अंबाला में मजदूरी करता है। होली में दोनों दोस्त ट्रेन से कटिहार पहुंचे। जहां सोमवार की अहले सुबह ट्रेन से फारबिसगंज स्टेशन पर उतरे। जिसके बाद घर जाने के लिए दोनों दोस्त ने फारबिसगंज स्टेशन के समीप एक ऑटो को हरिपुर तक जाने के लिए रिजर्व किया। घायल ने बताया कि ऑटो रिजर्व करने के दौरान चालक के साथ एक अन्य व्यक्ति भी आगे की सीट पर सामान्य यात्री की तरह बैठा था। बियाडा के समीप एकांत स्थान पर ऑटो रोक कर चालक और उसके साथ बैठे साथी ने दोनों महादलित मजदूर से पहले जबरन मोबाइल छीनने का प्रयास किया। मोबाइल नहीं देने पर दोनों के साथ मारपीट की गई। इसी दौरान ऑटो चालक व उसके सहयोगी ने चाकू से प्रहार करना शुरू किया। घायल के अनुसार दोनों अपराधियों ने शरीर पर कुल पांच जगहों पर चाकू मारकर गंभीर रूप से घायल कर दिया और 10 हजार रुपए नगद सहित कपड़े व सामान लूट लिए।
गिरफ्तार ऑटो चालक सरफराज अंसारी।
अस्पताल में इलाजरत घायल मजदूर सतीश ऋषिदेव।
लूट का सामान, प्रयोग किए गए चाकू व हथकड़ी की चाबी भी बरामद