वेतन नहीं मिलने से आर्थिक रूप से हो गए हैं कमजोर
अररिया | राज्य ग्रामीण आवास कर्मी संघ जिला इकाई अररिया की बैठक रविवार कोे नेताजी सुभाष स्टेडियम में हुई। अध्यक्षता संघ के जिलाध्यक्ष शैलेंद्र झा ने की। अक्टूबर से आवास सहायक और आवास पर्यवेक्षक का मानदेय भुगतान लंबित रहने व 14 महीने से एरियर का भुगतान नहीं होने के विरोध में संघ ने ग्रामीण विकास विभाग के प्रति नाराजगी जताते हुए निंदा प्रस्ताव पारित किया। आवास सहायक व आवास पर्यवेक्षकों ने कहा कि सरकार के निर्देश का पालन करते हैं व काम की अधिकता होने के बाद भी वह लोग अररिया को आगे ले जाने में कड़ी मेहनत करते हैं। आवासकर्मियों ने कहा कि वेतन नहीं मिलने और एरियर का भुगतान नहीं होने के कारण वे लोग मानसिक और आर्थिक रूप से कमजोर हो गए हैं।