- Hindi News
- National
- Araria News Half A Dozen Passengers Collide In An Auto Parked Tractor Trolley Going To Purnia Two Dead Two Serious
आधा दर्जन यात्रियों को लेकर पूर्णिया जा रही ऑटो खड़ी ट्रैक्टर ट्राॅली में टकराई, दो की मौत, दो गंभीर
मृतक और घायल ताराबाड़ी थाना क्षेत्र के आमगाछी के निवासी
अररिया-पूर्णिया फोरलेन सड़क पर गुरुवार को चातर लहटोरा के निकट पूर्व से खड़ी बालू लोडेड ट्रैक्टर ट्राॅली में यात्रियों से भरी ऑटो ने पीछे से टक्कर मार दी। ट्राॅली से टकराते ही ऑटो बुरी तरह क्षतिग्रस्त हो गई। जबकि उसके में बैठे चार लोग बुरी तरह से घायल हो गए। जिसमें ताराबड़ी थाना क्षेत्र के भोजपुर पंचायत अन्तर्गत आमगाछी की रहने वाली 55 वर्षीय मेनका देवी की मौत कुछ देर बाद घटनास्थल पर ही हो गई। जबकि इसी गांव के 40 वर्षीय दिनेश सिंह की मौत सदर अस्पताल पहुंचने के बाद हुई। अन्य घायलों में मेनका देवी की बेटी ललिता देवी और पति राजेंद्र दास का इलाज सदर अस्पताल में किया जा रहा है। दोनों घायलों की स्थिति भी गंभीर बनी हुई है। जबकि घटना के बाद ऑटो चालक सिकटी के काचमह का रहने वाला सुरेश साह घायलों को छोड़कर वहां से फरार हो गया। घटना के बाद आसपास लोगों की वहां भीड़ लग गई। घटना के बाद लोगों ने महिला के शव को लेकर सड़क जाम करने का प्रयास किया। लेकिन नगर थाना एसएचओ किंग कुंदन, एसआई मृत्युंजय सिंह, पूर्व सरपंच इलियास हुसैन आदि ने लोगों काे समझा-बुझाकर शांत कराया। इसके बाद शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए सदर अस्पताल भेज दिया। घटना की जानकारी मिलते ही मृतक एवं घायल के परिजन भी अस्पताल पहुंच चुके थे।
बेटी का इलाज कराने जा रही मां की मौत, पिता की स्थिति गंभीर
आमगाछी के ग्रामीणों ने बताया कि ललिता देवी के पेट में पूर्व बेल्ट लगा हुआ है। उसका इलाज पूर्णिया से चल रहा है। घटना के दिन मां मेनका और पिता राजेंद्र दास अपनी बेटी ललिता को इलाज कराने के लिए काचमह के ऑटो को किराए पर लिया। इसी क्रम में गांव के तीन अन्य लोग भी इलाज कराने के लिए ऑटो से पूर्णिया के लिए रवाना हुए। लेकिन पूर्णिया पहुंचने से पहले ही हृदय विदारक घटना सामने आई। बेटी का इलाज कराने से पहले ही मां की मौत हो गई। जबकि उसके पिताजी जीवन और मौत से जूझ रहे हैं।
चक्का पंचर होने के कारण सड़क पर खड़ी थी ट्रैक्टर की ट्राॅली
स्थानीय लोगों ने बताया कि सोनालिका ट्रैक्टर ट्राॅली में बालू लोड कर जलालगढ़ की ओर जा रही थी। कुछ देर पहले ही ट्राॅली का टायर पंचर हो गया। जिसके बाद बिना नंबर की ट्राॅली को सड़क पर ही खड़ी कर चालक ट्रैक्टर लेकर चला गया। इसी क्रम में अररिया से पूर्णिया की जा रही ऑटो ने ट्राॅली में टक्कर मार दी।
दिलाया जाएगा मुआवजा
घटना के बाद जाम की स्थिति बनी थी। लेकिन लोगों को समझा-बुझा कर शांत करा दिया। दोनों शवों का पोस्टमार्टम कराकर उसके परिजनों को सौंप दिया गया है। प्रावधान के अनुसार पीड़ित परिजनों को मुआवजा भी दिलाने का प्रयास किया जाएगा।
कंग कुंदन, एसएचओ, नगर थाना
अस्पताल में भर्ती घायल।
अस्पताल में भर्ती दुर्घटना में घायल महिला।
दुर्घटना स्थल पर खड़ी ऑटो के पास जुटी लोगों की भीड़।