विकास के लिए नई रेल परियोजनाओं का बढ़ाएं बजट
सदन में सीमांचल की रेल परियोजनाओं का सांसद ने उठाया मुद्दा
सांसद प्रदीप कुमार सिंह ने सदन में एक बार फिर सीमांचल की रेल परियोजनाओं का मुद्दा उठाया। प्रश्नकाल के दौरान सदन में सांसद ने कहा कि नेपाल सीमा से सटे जोगबनी से लेकर दिल्ली तक जाने के लिए एकमात्र सीमांचल एक्सप्रेस ट्रेन चल रही है। जिसमें न तो भोजन की व्यवस्था है और न ही फर्स्ट क्लास एसी। इसके कारण नेपाल से लेकर अररिया के लोगों को लंबी दूरी तय करने में काफी समस्या का सामना करना पड़ रहा है। उन्होंने कहा कि अररिया का सबसे पुराना शहर आरएस है। अररिया स्टेशन भी इसी से जाना जाता है। लेकिन यहां पर सीमांचल का ठहराव नहीं होने के कारण लोगों को 10 किलोमीटर दूर चलकर कोर्ट स्टेशन पर आना पड़ता है। सांसद ने अररिया स्टेशन में महज दो मिनट का ठहराव की मांग की।
सांसद ने अररिया से सुपौल और गलगलिया नई रेल परियोजना पर भी ध्यान आकृष्ट कराया। कहा कि नेपाल सीमा से सटे अररिया में रेलवे की दो परियोजनाएं चल रही हैं। जिसमें अररिया से सुपौल और अररिया से गलगलिया तक रेल लाइन का निर्माण हो रहा है। इसके लिए भूमि का अधिग्रहण भी हो चुका है। लेकिन वित्तीय वर्ष के बजट में इन दोनों परियोजना में काफी कम राशि का प्रावधान किया गया है। जिसके कारण इस परियोजना को पूरा होने में लंबा समय लग सकता है। जबकि सीमांचल के विकास के लिए इन दोनाें परियेाजनाओं को अविलंब पूरा करने की जरूरत है। उन्होंने रेल मंत्री से दोनों परियोजनाओं के लिए बजट का प्रावधान बढ़ाने की अपील की।
प्रदीप कुमार सिंह, सांसद।
रेल मंत्री से बजट बढ़ाने की रखी मांग