- Hindi News
- National
- Araria News Instructions To Increase Mercury Medical Staff At Transit Points In Kishanganj And Araria
किशनगंज और अररिया में ट्रांजिट प्वाइंट पर पारा मेडिकल स्टाफ बढ़ाने के निर्देश
कोरोना वायरस को लेकर प्रमंडल स्तर पर पांच सदस्यीय टीम का किया गया गठन
कोरोना वायरस को लेकर केंद्र सरकार और राज्य सरकार द्वारा जारी एडवाइजरी के बाद प्रमंडलीय आयुक्त सचिव डॉ. सफीना एएन के निर्देश पर आयुक्त के सचिव राजेश कुमार चौधरी ने प्रमंडल स्तर पर 5 सदस्यीय टीम का गठन किया गया है। प्रमंडल स्तरीय टीम सभी जिलों के सिविल सर्जन के साथ कोरोना वायरस के रोकथाम और निदान के लिए की जा रही कार्रवाई का अपडेट लेकर इसकी रिपोर्ट तैयार कर आयुक्त को सौंपेंगे। आयुक्त के सचिव ने बताया के पूर्णिया प्रमंडल का दो जिला अररिया और किशनगंज नेपाल से सटा हुआ है।जिस कारण से यहां नेपाल के रास्ते संक्रमित लोगों के प्रवेश की संभावना है। कोरोना बीमारी के संक्रमण से रोकथाम के लिए आयुक्त के निर्देश पर क्षेत्रीय अपर निदेशक स्वास्थ्य को इसका नोडल पदाधिकारी बनाया गया है। टीम में सदस्य सचिव के रूप में क्षेत्रीय कार्यक्रम इकाई प्रबंधन के नजमुल होदा, सचिवालय सहायक अजय कुमार, सोनू कुमार के अलावा प्रमंडलीय आशा समन्वयक प्रियंका कुमारी को रखा गया है। साथ ही साथ प्रमंडल के सभी जिलाधिकारी और सिविल सर्जन को टीम का गठन कर कोरोना वायरस के संक्रमण के रोकथाम के उपाय सुनिश्चित करने का निर्देश दिया है।साथ ही साथ सभी सिविल सर्जन को कोरोना वायरस से निपटने के लिए आवश्यक दवा और मास्क की पर्याप्त उपलब्धता, अररिया एवं किशनगंज जिले के सिविल सर्जन को सीमावर्ती इलाकों में ट्रांजिट प्वाइंट पर अधिक से अधिक पारा मेडिकल स्टाफ की तैनाती के साथ-साथ आइसोलेशन वार्ड में चिकित्सक और पारा मेडिकल कर्मियों का रोस्टर के अनुसार चौबीसों घंटे तैनाती का निर्देश दिया गया है।
ठाकुरगंज में कैंप लगाकर होगी कोरोना संक्रमित की जांच
ठाकुरगंज| भातगांव पंचायत भवन में शुक्रवार को कोरोना वायरस को लेकर एक बैठक का आयोजन हुआ। लोगों में इस वायरस के प्रति जागरूकता लाने के उद्देश्य से मुखिया मीरा देवी एवं ठाकुरगंज उप स्वास्थ्य केंद्र के प्रभारी डॉ एके झा ने कार्यक्रमों की जानकारी दी। डॉ झा ने बताया चिकित्साकर्मी भातगांव एसएसबी कैंप के बीओपी के समीप कैंप लगाकर आने जाने वाले लोगों की जांच कर रहे हैंं। संदिग्ध मिलने पर उनके लिए प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र में व्यवस्था की गई है। मुखिया मीरा देवी ने बताया कि कोरोना वायरस को लेकर जन जागरूकता अभियान चलाकर लोगों को इसके बारे में बताया जा रहा है।
कोरोना काे लेकर अगले आदेश तक लीग टूर्नामेंट रहेगा स्थगित
किशनगंज| जिला क्रिकेट संघ द्वारा रुईधासा मैदान में चल रहे क्रिकेट लीग को कोरोना वायरस के कारण जारी अलर्ट के मद्देनजर रोक दिया गया है। शनिवार को कन्वेनर वीर रंजन ने बताया कि केडीसीए के अध्यक्ष संजय जैन के निर्देश पर आयोजन को अगले आदेश तक स्थगित करने का निर्णय लिया गया है। बताया गया कि राज्य सरकार द्वारा भीड़ भरे तमाम आयोजनों को रोकने और स्कूल, कॉलेज आदि बंद किए जाने के निर्देश के आलोक में यह निर्णय लिया गया है।
नेपाल आने-जाने वाले 2088 लोगों की हुई स्वास्थ्य जांच
टेढ़ागाछ| भारत-नेपाल सीमावर्ती इलाके में कोरोना वायरस को लेकर प्रशासन चुस्त है। भारत-नेपाल आने जाने वाले लोगों का स्क्रीनिंग किया जा रहा है। इस दौरान प्रशिक्षु उप समाहर्ता नीरज कुमार ने फतेहपुर थाना क्षेत्र के भारत-नेपाल सीमा फतेहपुर में औचक निरीक्षण किया। जहां कोरोना वायरस की जांच करने के लिए स्वास्थ्य कर्मी की टीम तैनात की गई है। मौके पर टेढ़ागाछ बीडीओ गुलजारी कुमार पंडित भी मौजूद थे। उपसमाहर्ता चिकित्सा पदाधिकारी प्रमोद कुमार से भी मिले और प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र टेढ़ागाछ के विधि व्यवस्था की जांच की। उन्होंने बताया 13 दिसंबर से लेकर अब तक नेपाल से आने जाने वाले 2088 लोगों की जांच की गयी है। टेढ़ागाछ प्रखंड क्षेत्र में भारत-नेपाल सीमा स्थित तीन जगहों पर स्वास्थ्य कर्मी की तैनाती की गयी है और हर आने-जाने वाले का स्वास्थ्य की जांच की जा रही है। उपसमाहर्ता ने बताया कि कोरोना वायरस भारत सहित कई देशों में तेजी से फैल रहा है। इस बावत लोगों को सावधानी बरतने के लिए जागरूक किया जा रहा है। इस वायरस से सुरक्षित रहने व इससे बचाव के लिये कुछ सावधानी बरतने की जरूरत है। लोगों को बार-बार साबुन से हाथ धोने और मास्क का प्रयोग करने की सलाह दी जा रही है। उन्होंने लोगों से अपील किया कि भीड़भाड़ वाले जगह में जाने से परहेज करें, सतर्कता से ही कोरोना वायरस को हराया जा सकता है।
भारत-नेपाल सीमा के फतेहपुर में निरीक्षण करते अधिकारी।