दो शिफ्ट में लगाई मेडिकल टीम की ड्यूटी
जोगबनी | कोरोना वायरस के खतरे से निपटने के लिए जिलाधिकारी के निरीक्षण व निर्देश के बाद शुक्रवार को स्वास्थ्य विभाग की टीम सीमा पर सक्रिय हो गई है। टीम द्वारा सीमा पर आने वाले लोगों की प्राथमिक जांच शुरू कर दी गई है। अररिया एसीएमओ डॉ एमपी गुप्ता ने बताया कि डब्लूएचओ द्वारा कोरोना को महामारी घोषित किया है। इसको लेकर और सतर्कता बरतने की जरूरत है। शनिवार से सीमा पर स्वास्थ्य टीम को दो शिफ्ट में ड्यूटी लगाया गया है। उन्होंने बताया कि एक टीम आईसीपी में भी दी जा रही है। ताकि अन्य राज्यों एवं नेपाल से आने वाले ट्रक चालकों की जांच सुगमता से किया जा सके। उन्होंने कहा कि बिहार में अभी तक कोरोना के कंफर्म मरीज नहीं मिला है। इस कारण यहां डरने की नहीं, सावधानी की जरूरत है। अपने हाथ को साबुन अच्छी तरह से साफ करे तथा मास्क का प्रयोग करें। कोरोना को लेकर सीमा पर नेपाल द्वारा भी स्वास्थ्य टीम के द्वारा जांच शिविर लगाया गया है। जिससे दोनों ओर सघन जांच अभियान चलाया जा रहा है। मौके पर फारबिसगंज सीओ संजीव कुमार, रेफरल अस्पताल प्रभारी डॉ राजीव बसाक आदि थे।