पीयू ने छुट्टी के दिन कॉलेज नहीं आने पर किया शोकॉज
पूर्णिया विश्वविद्यालय ने सरकारी छुट्टी के दिन महाविद्यालय नहीं आने पर विवि शिक्षक संघ के तीन सदस्यों को शोकॉज किया है और उनसे इसका जवाब मांगा है। विश्वविद्यालय ने संघ के सदस्यों पर अनाधिकृत रूप से कॉलेज से अनुपस्थित रहने का आरोप लगाते हुए छुट्टी के 27 दिनों बाद नोटिस जारी किया है और लिखित रूप से मामले की सफाई देने को कहा है।
दरअसल, पूर्णिया विवि के रजिस्ट्रार ने 27 फरवरी को चिट्ठी जारी कर कसबा स्थित एमएल आर्या कॉलेज में कार्यरत विवि शिक्षक संघ के अध्यक्ष डॉ. मनोज कुमार सिंह को नोटिस भेजा है। इसमें रजिस्ट्रार ने शिक्षक संघ के अध्यक्ष से 29 से 31 जनवरी तक कॉलेज से अनाधिकृत रूप से अनुपस्थित रहने पर कारण बताने का आदेश दिया है।
30 जनवरी को सरस्वती पूजा की थी छुट्टी : पूर्णिया विवि ने 30 जनवरी को कार्यस्थल पर विवि शिक्षक संघ के अध्यक्ष डॉ. मनोज कुमार सिंह के कॉलेज नहीं आने पर उनसे जवाब मांगा हैं। मगर 30 जनवरी को सरस्वती पूजा की छुट्टी थी। लेकिन विवि ने इसे अनुशासनहीनता मानते हुए उनके खिलाफ एक्शन लेते हुए शोकॉज नोटिस जारी किया।
31 जनवरी को राजभवन जाने पर भी कारण बताओ : विवि शिक्षक संघ के अध्यक्ष डॉ. मनोज कुमार सिंह ने बताया कि 31 जनवरी को वे और संघ के दो अन्य सदस्य कुलाधिपति से मिलने के लिए पटना गए हुए थे। इसकी जानकारी उन्होंने लिखित रूप से विवि के रजिस्ट्रार और एमएल आर्या कॉलेज, डीएस कॉलेज कटिहार और धमदाहा कॉलेज के प्राचार्य को दी थी। मगर इसके बाद भी शोकॉज किया गया।
29 को भारत बंद होने की वजह से नहीं पहुंच पाए थे कॉलेज : एमएम आर्या कॉलेज में कार्यरत विवि शिक्षक संघ के अध्यक्ष ने बताया कि 29 जनवरी को सीएए के विराेध में भारत बंद होने की वजह से वे रास्ते में फंस गए थे। इसकी सूचना उन्होंने व्हाट्सएप के माध्यम से कॉलेज के प्राचार्य को दे दी थी और उनसे इसे सीएल में समायोजित करने का आग्रह किया था, लेकिन कॉलेज के प्राचार्य ने ऐसा नहीं किया।
नोटिस के बारे में मुझे जानकारी नहीं
पूर्णिया यूनिवर्सिटी द्वारा डॉ. मनोज कुमार सिंह को छुट्टी के दिन कॉलेज नहीं आने पर शोकॉज नोटिस भेजने की जानकारी मुझे नहीं है। इसके संबंध में पीआरओ से पूछें। मैं अभी छुट्टी पर हूं।
मो. याकूब, रजिस्ट्रार, पूर्णिया विश्वविद्यालय
कमियां उजागर करने की वजह से शोकॉज: डॉ. मनोज
शिक्षक संघ अध्यक्ष डाॅ. मनोज कुमार सिंह ने बताया कि विश्वविद्यालय शिक्षक संघ लगातार विश्वविद्यालय की विसंगतियों को उजागर कर रहा है और इसकी शिकायत कुलाधिपति सह राज्यपाल से कर रहा है। उन्होंने पूर्णिया विश्वविद्यालय पर आरोप लगाते हुए कि इसको दबाने के लिए विवि प्रशासन संघ के अधिकारियों को परेशान करने की मंसा से उन्हें नोटिस भेज रहा है।