31 तक स्थगित रहेगा शिक्षकों का धरना : जाफर रहमानी
अररिया | बिहार राज्य शिक्षक संघर्ष समन्वय समिति के आह्वान पर हड़ताल 27वें दिन भी जारी रहा। बिहार राज्य प्रारम्भिक शिक्षक संघ के जिलाध्यक्ष मो जाफ़र रहमानी ने कहा कि अधिकार प्राप्ति तक लड़ाई जारी रहेगी। कोरोना वायरस के प्रकोप को देखते हुए 31 मार्च तक धरना-प्रदर्शन स्थगित रहेगा। इस अवधि में शिक्षक वार्ड, गांव, मोहल्ले में प्रोटेक्शन विथ मास्क कार्यक्रम का आयोजन कर लोगों को जागरूक करेंगे। रहमानी ने कहा कि शिक्षक समाज के अंग है और समाज के सभी सुख-दुख में वे समाज के साथ खड़े रहेंगे। लेकिन जब तक सरकार उनकी मांग मान नहीं लेती, तब तक वे हड़ताल पर डटे रहेंगे और अपने आंदोलन को मजबूती के साथ संचालित करेंगे। शिक्षक समाज मे घूम-घूमकर करोना वायरस से बचने के लिए लोगो को आगाह तो करेंगे ही साथ अपने आंदोलन में समाज की सहभागिता की भी अपील करेंगे।