पाएं अपने शहर की ताज़ा ख़बरें और फ्री ई-पेपर

डाउनलोड करें
  • Hindi News
  • National
  • Kursakata News Two Bike Riders Face To Face Collision And A Young Man Died After Hitting A Power Pole

आमने-सामने की टक्कर में दो बाइक सवार व बिजली खंभे से टकराने से एक युवक की मौत

एक वर्ष पहले
  • कॉपी लिंक

अररिया-पूर्णिया फोरलेन सड़क पर जहांगीर बस्ती ओवरब्रिज के निकट बीते सोमवार को दो बाइक की आमने सामने टक्कर हो गई। इस घटना में दोनों बाइक सवार गंभीर रुप से घायल हो गए। आसपास के लोगों ने दोनों घायलों को इलाज के लिए सदर अस्पताल भेजा। लेकिन अस्पताल पहुंचने से पहले ही एक युवक की मौत हो गई। जबकि दूसरे युवक की गंभीर स्थिति में इलाज के लिए नेपाल रेफर कर दिया। हालांकि जोगबनी पहुंचते ही दूसरे युवक की मौत हो गई।

दूसरी घटना कुर्साकाटा हरिरा पंचायत अंतर्गत ग्राम बलचंदा महर्षि मेंही कुटी के निकट घटी। जिसमें एक बाइक सवार अनियंत्रित होकर बिजली के खंभे से टकरा गया। पोल से टकराते ही बाइक सवार की मौत घटनास्थल पर ही हो गई। अररिया और कुर्सकाटा की घटना में पुलिस ने दो शवों को पोस्टमार्टम के लिए भेजा। जबकि एक युवक के शव को उसके परिजन बिना पोस्टमार्टम कराए ही घर लेकर चले गए। दुर्घटना की सूचना मिलते ही सीओ विजय कुमार सिन्हा कुर्साकांटा थाना के पुअनि जयराम चौधरी व एएसआई हरेंद्र यादव ने घटनास्थल पहुंचकर शव को कब्जे में लिया और पोस्टमार्टम के लिए अररिया भेज दिया। वहीं थानाध्यक्ष भानु प्रताप सिंह ने बताया कि मृतक के परिजनों ने अब तक लिखित आवेदन नहीं दिया है। वहीं सीओ ने बताया कि शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजा गया है। सड़क दुर्घटना से संबंधित प्रावधान के अनुरूप मृतक के परिजनों को मुआवजा राशि दी जाएगी।

ट्रेन की चपेट में आने से युवक की मौत

फारबिसगंज| कटिहार-जोगबनी रेलखंड के ढोलबज्जा हाॅल्ट पर ट्रेन की चपेट में आने से एक युवक की मौत हो गई। मृतक का आलम टोला वार्ड 22 निवासी साबिर आलम का पुत्र सरफराज अंसारी बताया जा रहा है। मृतक की शादी करीब 12 वर्ष पूर्व हुई थी। जिसे चार छोटे-छोटे बच्चे भी हैं। बताया जाता है कि मृतक ढोलबज्जा हाॅल्ट पर कटिहार से जोगबनी आने वाली यात्री ट्रेन संख्या 75759 में फारबिसगंज आने के लिए चढ़ ही रहा था कि उसका पैर फिसल गया। जिसके कारण ट्रेन की चपेट में आ गया। ट्रेन से कटकर युवक की मौत हो गई। इधर, घटना की जानकारी पर जीआरपी के एएसआई जय प्रकाश साह, आरपीएफ प्रभारी नवीन कुमार, फारबिसगंज थाना के दारोगा नागेंद्र सिंह सदलबल मौके पर पहुंचे और शव को कब्जे में ले लिया। जीआरपी के एएसआई जयप्रकाश साह ने बताया कि शव का पंचनामा बनाकर परिजनों को सुपुर्द कर दिया गया है।

क्रिकेट खेलकर बाइक से घर मिरदौल लौट रहा था अमन कुमार िसंह

जानकारी अनुसार सिमराहा थाना क्षेत्र के रहिकपुर लडुब्बा निवासी बिंदेश्वरी मंडल के 28 वर्षीय पुत्र शिवशंकर उर्फ पिंटू मंडल अपनी बाइक से अररिया गुदाम से होली पर्व के अवसर पर अपनी घर लौट रहा था। इसी क्रम में मिरदोल का रहने वाला क्रिकेटर अमन कुमार सिंह जलालगढ़ से क्रिकेट मैच खेलकर बाइक से घर मिरदौल वापस लौट रहा था। ओवरब्रिज के निकट दोनों की बाइक आमने सामने टकरा गई। वहीं शव के घर पहुंचते ही परिजन सहित पूरे गांव मे मातम छा गया। बताया गया कि शिवशंकर तीन भाईयों मे सबसे छोटा एव कर्मठ संघर्ष शील युवकों में उसकी पहचान थी। जबकि अमन सिंह की मौत से क्रिकेटरों में मायूसी छा गई। बताया जा रहा है कि अमन की जिले में एक जाने माने क्रिकेटर के रुप में पहचान थी।

घटनास्थल पर जांच करती पुलिस टीम।

अनबन होने के बाद घर से निकला था युवक

हरिरा पंचायत अंतर्गत ग्राम बलचंदा महर्षि मेंहि कुटी के निकट घटना में संजय यादव उर्फ बनवासी यादव की मौत हो गई। वह थारू टोला वार्ड एक का रहने वाला था। परिजनों ने बताया कि संजय से छोटा भाई को किसी बात को लेकर अनबन होने के कारण घर से कहीं चला गया। जब इस बात की जानकारी संजय को हुई तो वह अपने भाई को लाने एक अन्य सहयोगी के साथ घर से निकला। इसी क्रम में रास्ते में ही इसकी बाइक अनियंत्रित होकर बिजली के खंभे से टकरा गई। जिसमें उसकी मौत हो गई। दुर्घटना में वार्ड के ही धर्मेंद्र मंडल पिता अजित मंडल गंभीर रुप से जख्मी हो गया। जिसे राहगीरों व ग्रामीणों ने आनन फानन में पीएचसी कुर्साकांटा लाया। जहां से प्राथमिक उपचार के उपरांत बेहतर इलाज के लिए सदर अस्पताल अररिया रेफर कर दिया गया।

मौत के बाद घर में विलाप करती मां व परिजन।
खबरें और भी हैं...