- Hindi News
- National
- Araria News Vice President And Examination Secretary Contributed To The Matriculation Assessment Center
उपाध्यक्ष व परीक्षा सचिव ने मैट्रिक मूल्यांकन केंद्र पर किया योगदान
उपाध्यक्ष अतहर हुसैन ने इंटर कॉपी का भी किया था मूल्यांकन
माध्यमिक शिक्षक संघ के आंदोलन में फूट हो गई है। संघ के दो बड़े पदाधिकारियों ने आंदोलन को छोड़कर मैट्रिक कॉपी के मूल्यांकन केंद्र पर योगदान देकर कॉपी जांच शुरू कर दिया है। जिस हाई स्कूल अररिया में बीते 17 दिनों से माध्यमिक शिक्षक संघ के सदस्य हड़ताल कर आंदोलन कर रहे हैं, उस स्कूल के प्रधानाध्यापक और जिला माध्यमिक शिक्षक संघ के उपाध्यक्ष अतहर हुसैन पहले ही संघ को छोड़ कर इंटरमीडिएट की कॉपी भी जांच कर चुके हैं। अब उन्होंने मैट्रिक कॉपी मूल्यांकन केंद्र आजाद एकेडमी में भी योगदान कर लिया है। खास बात यह है कि माध्यमिक शिक्षक संघ से वर्षों से जुड़े रहे प्लस टू ली अकादमी के शिक्षक और संघ के परीक्षा सचिव मनोज कुमार मेहता ने भी 15 दिन के बाद आंदोलन से अलग होकर मूल्यांकन केंद्र में योगदान किया है। बताया जाता है कि आजाद एकेडमी मूल्यांकन केंद्र पर मनोज कुमार मेहता सोशल साइंस विषय में हेड एग्जामिनर के रूप में नियुक्त किए गए हैं। मनोज कुमार मेहता के संघ के निर्णय से इतर योगदान करने से संघ को बड़ा धक्का लगा है। हालांकि इन सबके बाद भी माध्यमिक शिक्षक संघ के बैनर तले शिक्षकों का धरना लगातार 18वें दिन भी जारी रहा।
पूर्व विधायक ने किया शिक्षकों को संबोधित
जिला माध्यमिक शिक्षक संघ के धरना स्थल उवि अररिया परिसर में 18वें दिन सिकटी के पूर्व विधायक और राजद नेता आनंदी प्रसाद यादव शामिल हुए। जहां जिलाध्यक्ष अजय कुमार सिंह की अध्यक्षता में आयोजित धरना को संबोधित करते हुए उन्होंने शिक्षकों की मांग को जायज ठहराया। उन्होंने कहा कि राजद के चुनावी घोषणा पत्र में शिक्षकों की इस मांग को शामिल किया जाएगा। इस दौरान कार्यरत अवधि के लंबित वेतन भुगतान की मांग को लेकर जिला शिक्षा पदाधिकारी कार्यालय अररिया का घेराव किया गया। जिसमें जिला सचिव असरारुल हसन, राज्य कार्यसमिति सदस्य विजय कुमार निराला, प्रमंडलीय अध्यक्ष अशोक कुमार पासवान, युवराज पासवान, मूल्यांकन परिषद सदस्य आदिल सरवर, प्रवीण कुमार सिंह, कुमार आशुतोष, कोशल कुमार, गोविंद कुमार, मासूम रेजा, प्रवीण पासवान, अनिल कुमार रजक, मुकेश कुमार, कृष्णानंद झा, शेखर कुमार झा, राफेऊल होदा, मोहन झा, विजय कुमार वर्मा, स्नेहा कुमारी, विनीता कुमारी, शालिनी कुमारी, अर्चना कुमारी आदि शामिल हुए।
धरना पर बैठे शिक्षक व शिक्षिकाएं।