- Hindi News
- National
- Raniganj News Villagers Complain Against Liquor Traders In The Police Station
शराब कारोबारियों के खिलाफ ग्रामीणों ने की थाने में शिकायत
थाना क्षेत्र के खरहट पंचायत के वार्ड 9 के सैकड़ों ग्रामीणों ने बुधवार को रानीगंज थाना पहुंचकर शराब के कारोबारियों के विरुद्ध संयुक्त हस्ताक्षर युक्त आवेदन सौंपकर अविलंब कार्रवाई की मांग की है। पुलिस को सौंपे गए आवेदन में ग्रामीणों ने कहा है कि पंचायत के वार्ड 9 मंडल टोला व ततमा टोला में व्यापक पैमाने पर खुलेआम देशी व विदेशी शराब का कारोबार हो रहा है। जिसके कारण समाज की शांति व्यवस्था व ग्रामीण संस्कृति पर बुरा असर पड़ने लगा है। गांव की महिलाएं व बच्चे सबसे अधिक प्रभावित हैं। हमेशा गांव के बीचों बीच शराबियों की करतूत से महिला व लड़कियों का चलना मुश्किल हो गया है। विरोध करने पर शराब के कारोबार में लिप्त दबंग लोग गाली-गलौज व मारपीट उतारु हो जाते हैं।
आवेदन में ग्रामीणों ने पांच कारोबारियों के नाम का जिक्र किया है। जिसमें फकीर चंद मंडल, छत्रधारी ततमा, निर्गुण मंडल, सखिचंद मंडल और अप्पू कुमार मंडल शामिल है। आरोप है कि ये लोग वर्षों से शराब के अवैध कारोबार में संलिप्त हैं। जिसके कारण गांव में असमाजिक तत्व व संदिग्ध लोगों का मनोबल बढ़ने लगा है। वही थानाध्यक्ष श्यामनंद यादव ने कहा है कि अवैध शराब के कारोबार में शामिल सभी लोगों के विरुद्ध जल्द ही कार्रवाई कर गिरफ्तारी की जाएगी।