एनीमिया, डायरिया व काेरोना से बचाव के बताए तरीके
सीएस और आईसीडीएस डीपीओ ने किया कार्यक्रम का शुभारंभ
राष्ट्रीय पोषण अभियान कार्यक्रम के तहत शुक्रवार को समाहरणालय परिसर स्थित डीआरडीए सभा भवन में पोषण पखवाड़ा की शुरुआत हुई। इसको लेकर एक कार्यशाला का भी आयोजन किया गया। जिसका उद्घाटन डीएम को करना था। लेकिन शुक्रवार को जनता दरबार होने की वजह से लोगों की शिकायतें सुनने में व्यस्त डीएम नहीं पहुंच पाए। लिहाजा करीब 2 घंटे के बाद सिविल सर्जन और आइसीडीएस डीपीओ ने कार्यशाला का उद्घाटन किया। मौके पर अधिकारियों ने राष्ट्रीय पोषण अभियान से जुड़ी हुई जानकारियां दी। पीरामल फाउंडेशन के जिला समन्वयक परिमल कुमार झा ने एनीमिया, डायरिया जैसे रोग से बचाव के कई तरीके बताए। कार्यक्रम में राष्ट्रीय पोषण अभियान के जिला समन्वयक कुणाल श्रीवास्तव ने बताया कि पोषण पखवाड़ा 8 से 22 मार्च तक चलेगा। इस कार्यशाला में जिले के सभी बाल विकास परियोजना पदाधिकारी, पोषण अभियान के सभी प्रखंड समन्वयक, सभी प्रखंड से एक-एक महिला पर्यवेक्षिका के अलावा कई जिलास्तरीय अधिकारियों ने भी हिस्सा लिया।
सीएस ने दी कोरोना वायरस के लक्षण और बचाव की जानकारी
इस कार्यक्रम में सिविल सर्जन डॉ मदन मोहन प्रसाद सिंह ने कोरोना वायरस के सामान्य लक्षण और उसके बचाव की भी जानकारी दी। इस दौरान जिला स्वास्थ्य समिति की तरफ से कोरोना वायरस से बचाव संबंधी जानकारी का एक पंपलेट बांटा गया। इसके बाद सभी अधिकारियों ने हस्ताक्षर अभियान में भी हिस्सा लिया। सभा भवन के बाहर एक आकर्षक रंगोली भी तैयार किया गया था। इस बैठक में अपर एसडीओ राजू कुमार, आइसीडीएस डीपीओ सीमा रहमान, डीएओ मनोज कुमार, डीपीएम रेहान अशरफ, जीविका के डीपीएम ओमप्रकाश मंडल, सीडीपीओ डॉ चांदनी, तनुजा साह, राहुल मिश्र, महिला पर्यवेक्षिका सत्यम कंचन, अभिलाषा कुमारी सहित अन्य मौजूद थे।
शपथ लेते अधिकारी व कर्मी।