बिहार फर्स्ट बिहारी फर्स्ट रैली में चलने का आह्वान
आगामी 14 अप्रैल को पटना के गांधी मैदान में आयोजित होने वाले बिहार फर्स्ट बिहारी फर्स्ट रैली की तैयारियों को लेकर लोक जनशक्ति पार्टी की एक बैठक गुरुवार को आयोजित की गई। जिसकी अध्यक्षता जिलाध्यक्ष अनूप ठाकुर व संचालन दलित सेना के जिलाध्यक्ष जितेंद्र पासवान ने किया। बैठक के दौरान मगध प्रमंडल प्रभारी सुनील पांडेय ने सभी कार्यकर्ताओं को रैली में भाग लेने का आह्वान किया। उन्होंने कहा कि सभी कार्यकर्ता डोर टू डोर कैंपेन अभियान चलाकर अधिक से अधिक लोगों को 14 अप्रैल पटना के गांधी मैदान ले चलें। जहां राष्ट्रीय अध्यक्ष सह जमुई सांसद चिराग पासवान व रामविलास पासवान समेत अन्य नेता रैली को संबोधित करेंगे। उन्होंने कहा कि राष्ट्रीय अध्यक्ष बिहार को आगे ले जाने तथा बिहारियों को दूसरे प्रदेशों में भी उचित मान सम्मान दिलाने के प्रति प्रयासरत हैं। उनके हाथों को मजबूत कर ही बिहार व बिहार वासियों को उचित मान सम्मान मिल सकता है।
रैली में आैरंगाबाद से शामिल होंगे हजारों कार्यकर्ता
बैठक के दौरान संबोधित करते हुए जिलाध्यक्ष अनूप ठाकुर ने कहा कि औरंगाबाद जिले के सभी प्रखंडों से हजारों कार्यकर्ता रैली में शामिल होंगे। इसकी तैयारी शुरू कर दी गई है। कार्यकर्ताओं को रैली में चलने के लिए पर्याप्त वाहन की व्यवस्था की जा रही है। 20 मार्च को राष्ट्रीय अध्यक्ष चिराग पासवान औरंगाबाद पहुंचेंगे। जहां उनका जोरदार स्वागत किया जाएगा। उन्होंने कहा कि राष्ट्रीय अध्यक्ष के औरंगाबाद आगमन को लेकर कार्यकर्ताओं में खासा उत्साह है। उनके आगमन से कार्यकर्ताओं में एक नया जोश और उमंग भरेगा। नेताओं ने कहा कि आगामी विधानसभा चुनाव की तैयारी को लेकर तैयारी शुरू कर दी गई है। उनकी पार्टी आगामी चुनाव में एक बड़ी पार्टी बनकर उभरेगी। इस मौके पर दलित सेना के प्रदेश महासचिव बच्चा प्रसाद, महेंद्र पासवान, डॉक्टर तारिका अनवर, डॉ रमेश पासवान, कमलेश शर्मा, रणधीर सिंह, योगेंद्र पासवान, भोला सिंह, राजू पासवान, नंदलाल पासवान, दुद्धेश्वर कुशवाहा , दिलीप सिंह समेत अन्य लोग उपस्थित रहे।
बैठक में मौजूद लोजपा नेता व कार्यकर्ता।