कांग्रेस कमेटी ने किया कुटुंबा रेफरल अस्पताल का निरीक्षण
रविवार को प्रखंड कांग्रेस कमेटी के प्रतिनिधिमंडल ने कुटुंबा रेफरल अस्पताल का निरीक्षण किया। प्रखंड अध्यक्ष नीलम सिंह के नेतृत्व में किए गए निरीक्षण के क्रम में कांग्रेसी जनों ने अस्पताल प्रबंधन की कई खामियों को उजागर किया। मरीजों को इलाज के नाम पर खानापूर्ति किया जाता है। रेफरल अस्पताल की साफ सफाई तो की जाती है लेकिन उप स्वास्थ्य केंद्रों की साफ सफाई पर ध्यान नहीं दिया जाता है। वहीं उप स्वास्थ्य केंद्र में एंबुलेंस की व्यवस्था भी नहीं है। प्रखंड अध्यक्ष ने बताया कि अस्पताल में न मरीजों के लिए पर्याप्त बेड की व्यवस्था है न ही सिटी स्कैन , अल्ट्रासाउंड व एमआरआई जैसी सुविधाएं बहाल किए गए हैं। वहीं संसाधनों के अलावा कर्मियों का भी घोर अभाव है। उन्होंने बताया कि पार्टी के राज्य कमेटी निर्देशानुसार अस्पताल का निरीक्षण किया गया है। रिपोर्ट तैयार कर प्रदेश कार्यालय को भेजा जाएगा। इस मौके पर एससी एसटी प्रकोष्ठ के जिलाध्यक्ष अजय राम, प्रवक्ता रमाकांत पांडेय , मीडिया प्रभारी राहुल प्रकाश सिंह, अल्पसंख्यक प्रकोष्ठ अध्यक्ष मो अकबर अली, समेत दर्जनों कांग्रेसी कार्यकर्ता उपस्थित रहे।