- Hindi News
- National
- Aurangabad(Bihar) News Elections In 9 Packs Of The District Will Be Held On April 17
जिले के 9 पैक्सों में 17 अप्रैल को होगा चुनाव
आगामी 17 अप्रैल को जिले के 9 पैक्सों में चुनाव कराया जाएगा। जिसकी अधिसूचना जारी कर दी गई है। जानकारी देते हुए जिला उप निर्वाचन पदाधिकारी जावेद इकबाल ने बताया कि कुटुंबा प्रखंड के बलिया, भरौंधा व सुही, रफीगंज के भेटनिया व सिहुली, नवीनगर के टंडवा व नाउर, मदनपुर के एरकी कला तथा ओबरा प्रखंड के खुदवां पैक्स में चुनाव कराया जाना है। इसके लिए अधिसूचना जारी की गई है। उन्होंने बताया जिले के 180 पैक्सों में पांच चरणों में चुनाव संपन्न हुआ था। लेकिन कार्य अवधि पूरा न हो पाने के कारण इन पैक्सों में चुनाव नहीं हो सका था। उन्होंने बताया कि स्वतंत्र एवं निष्पक्ष चुनाव के लिए तैयारी शुरू कर दी गई है। उक्त पैक्सों में चुनाव के लिए बूथ का जायजा लिया जा रहा है। प्रत्येक पैक्स के अध्यक्ष का पद अनारक्षित है। सामान्य कोटि के लिए नामांकन शुल्क एक हजार एवं आरक्षित कोटि के लिए पांच सौ रखा गया है। चुनाव बैलेट पेपर से होगा। अलग-अलग श्रेणी के लिए पांच प्रकार के मतपत्र का प्रयोग किया जाएगा। बताया कि अध्यक्ष पद के अभ्यर्थी दस हजार एवं कार्यकारिणी सदस्य पद के अभ्यर्थी पांच हजार खर्च करने की निर्धारित की गई है। चुनाव कार्य के लिए के लिए बीडीओ को निर्वाचन पदाधिकारी बनाया गया है।
20 मार्च को मतदाता सूची का होगा अंतिम प्रकाशन
जिला उप निर्वाचन पदाधिकारी ने बताया कि 20 मार्च को मतदाता सूची का अंतिम प्रकाशन किया जाएगा। इसके बाद 4 व 5 अप्रैल को 11:00 बजे से 3:00 बजे तक अभ्यर्थियों का नामांकन लिया जाएगा। 7 व 8 अप्रैल को संविक्षा तथा 10 अप्रैल को नाम वापसी व प्रतीक चिन्ह आवंटन किया जाएगा। इसके बाद 17 अप्रैल को मतदान संपन्न होगा। उन्होंने बताया कि नवीनगर, कुटुंबा, मदनपुर व रफीगंज में सुबह सात बजे से अपराह्न दो बजे तक वोट पड़ेगा। जबकि ओबरा प्रखंड के खुदवां स्थित मतदान केंद्र पर सुबह सात से शाम तीन बजे तक मतदान होगा। मतदान के बाद उसी दिन संबंधित प्रखंडों में बनाए गए मतगणना केंद्रों पर मतगणना किया जाएगा।
डिस्ट्रिक्ट सेंट्रल को-ऑपरेटिव बैंक औरंगाबाद की तस्वीर।