होली में भी चौकीदारों को नहीं मिला वेतन, परेशानी
जिले के विभिन्न थाना में तैनात चौकीदार व दफादारों को कई माह से वेतन नहीं मिला है। जिस कारण से उनके सामने आर्थिक रूप से परेशानी खड़ी हो गई है। होली जैसे पर्व में भी वेतन नहीं मिलने से उन लोगों को काफी दिक्कतों का सामना करना पड़ा। इस मामले को लेकर बिहार प्रदेश चौकीदार दफादार समिति के मगध प्रमंडल अध्यक्ष संपत प्रसाद यादव ने डीएम को आवेदन देते हुए जल्द से जल्द बकाया वेतन भुगतान कराने की मांग की है। अध्यक्ष नागेन्द्र कुमार विकल ने बताया कि जिले में लगभग 546 चौकीदार दफादार हैं। जिनका वेतन बकाया चल रहा है। इसके साथ साथ द्वितीय एसीपी का लाभ भी अब तक नहीं दिया गया है। इन मामलों को लेकर डीएम को ज्ञापन सौंपा गया है। ताकि जल्द से जल्द उनके वेतन का भुगतान किया जाए।