- Hindi News
- National
- Aurangabad(Bihar) News Someone Was Caught Taking The Exam Instead Of A Brother Caught 13 People
कोई भाई की जगह तो कोई ब्लुटूथ से परीक्षा देते पकड़ाया, 13 लोग धराए
रविवार को सिपाही भर्ती परीक्षा में 13 लोगों को कदाचार करते पकड़ा गया। जिनमें से दो परीक्षार्थियों को गिरफ्तार कर लिया गया। जबकि अन्य परीक्षार्थियों को जुर्माना के बाद छोड़ दिया गया। 19 परीक्षा केन्द्रों पर कुल 21371 परीक्षार्थी शामिल हुए। जबकि 1774 परीक्षार्थी अनुपस्थित पाए गए। पहले पाली में 10 हजार 647 परीक्षार्थी शामिल हुए। वहीं 426 परीक्षार्थी परीक्षा से अनुपस्थित पाए गए। इसी तरह दूसरे पाली में 10724 परीक्षार्थी शामिल हुए। जबकि 1348 परीक्षार्थी अनुपस्थित पाए गए। सिपाही भर्ती परीक्षा को लेकर प्रशासन द्वारा सभी केन्द्रों पर सुरक्षा के व्यापक इंतेजाम किए गए थे। सघन जांच से होकर सभी परीक्षार्थियों को गुजरना पड़ा।
पहली पाली में एक तो दूसरी पाली में 12 परीक्षार्थी हुए निष्कासित
सिपाही भर्ती परीक्षा कुल 19 केन्द्रों पर रविवार को दो पालियों में लिया गया। पहली पाली में बीएलइंडो कर्मा रोड परीक्षा केन्द्र से एक परीक्षार्थी को नकल करते पकड़ा गया। जबकि दूसरे पाली में लॉर्ड बुद्धा पब्लिक स्कूल से दो परीक्षार्थियों को नकल करते प्रशासन ने दबोच लिया। इसके बाद बीएलइंडो रामपुर परीक्षा केन्द्र से तीन, राजर्षि विद्या मंदिर से एक और सबसे ज्यादा रामुनी बीएड कॉलेज से छह परीक्षार्थियों को नकल के मामले में पकड़ा गया।
परीक्षा केन्द्रों पर व्यापक था सुरक्षा व्यवस्था का इंतजाम
सिपाही भर्ती परीक्षा को लेकर सभी केन्द्रों पर सुरक्षा व्यवस्था के व्यापक इंतेजाम किए गए थे। परीक्षा केन्द्र के 200 गज के दायरे में धारा 144 लागू किया गया था। परीक्षा केन्द्र के आसपास के फोटो स्टेट की दुकान व साइबर कैफे पूरी तरह से बंद रखे गए। परीक्षा केन्द्र पर वीडियोग्राफी भी करायी गई। वीडियोग्राफी के लिए 19 वीडियोग्राफरों को लगाया गया था। जो परीक्षा की पूरी निगरानी कर रहे थे। वहीं उड़नदस्ता दल के द्वारा नियमित रूप से केन्द्रों का निरीक्षण किया गया। हर केन्द्र पर पर्याप्त संख्या में पुलिस जवान तैनात किए गए थे।
कोई भाई के बदले तो कोई ब्लुटूथ से दे रहा था परीक्षा, धराया
सिपाही भर्ती परीक्षा में नकल करते जिन परीक्षार्थियों को पकड़ा गया। उसमें एक दिनारा रोहतास का निवासी टिलू पासवान है। उक्त परीक्षार्थी अपने भाई अनीश कुमार के बदले परीक्षा दे रहा था। वह परीक्षा केन्द्र के अंदर प्रवेश करने में तो सफल हो गया। लेकिन वह अधिकारियों की जांच में पकड़ में आ गया। जिसके बाद उसे पकड़ लिया गया। इसी तरह राजर्षि विद्या मंदिर सेंटर पर नासरीगंज के पंडुरी गांव निवासी रितेश कुमार ब्लुटूथ डिवाइस के माध्यम से परीक्षा दे रहा था। डिवाइस को इस कदर छुपाया था कि उसे पकड़ पाना मुश्किल था। लेकिन जांच में वह भी नहीं बच पाया। इसी तरह अन्य 11 परीक्षार्थियों को भी पकड़ा गया। इसमें से दो की गिरफ्तारी हुई है।
21371 परीक्षार्थी हुए शामिल, 1774 परीक्षा से रहे गायब
परीक्षा केन्द्र के बाहर जुटी परीक्षार्थियों की भीड़।