- Hindi News
- National
- Aurangabad(Bihar) News Teachers Besiege The Deo Office For Not Paying Before The Strike
हड़ताल से पहले का भुगतान नहीं करने पर शिक्षकों ने डीईओ कार्यालय का किया घेराव
हड़ताल से पहले का वेतन भुगतान नहीं करने को लेकर हड़ताली माध्यमिक शिक्षकों का गुस्सा शुक्रवार को फूट गया। बारिश होने के बाद भी हड़ताली शिक्षक प्रदर्शन करते हुए डीईओ कार्यालय पहुंचे व घेराव कर विभागीय अधिकारी व सरकार के खिलाफ जमकर नारेबाजी की। घेराव में सैकड़ों शिक्षक शामिल रहे। बिहार माध्यमिक शिक्षक संघ के जिला इकाई के बैनर तले ये शिक्षक प्रदर्शन करने पहुंचे थे। जनवरी व फरवरी माह के बकाये वेतन सहित अन्य छह सूत्री मांगों को लेकर कार्यालय का घेराव किया। जिला सचिव अमिताभ रंजन ने कहा कि सरकार का यह रवैया सही नहीं है। हड़ताल से पहले का वेतन रोककर सरकार ने मानवता विरोधी नीति दिखलायी है। इस तानाशाही चरित्र का उजागर होना जरूरी है। अध्यक्ष हजारी सिंह ने कहा कि जब तक हड़ताली शिक्षकों के निलंबन व उनपर की गई प्राथमिकी वापस नहीं की जाती है। तब तक किसी तरह का कोई समझौता नहीं किया जाएगा। प्रमंडलीय अध्यक्ष रामभजन सिंह ने कहा कि सातवें वेतन आयोग के अनुशंसित वेतन सहित अन्य मांगे सरकार पूरी करे। राज्य कार्यकारिणी सदस्य सुरेन्द्र कुमार ने कहा कि सरकार के इच्छा शक्ति का अभाव है। आवंटन का कोई कमी नहीं है।
कार्यालय घेराव के बाद शिक्षक अपनी मांगों से संबंधित मांग पत्र देने अंदर गए। लेकिन वहां कोई भी पदाधिकारी नहीं मिला। जिससे उनका आक्राेश और भी बढ़ गया। इसके बाद शिक्षकों ने वहां पर जमकर नारेबाजी की। हालांकि प्रदर्शन को देखते हुए प्रशासन के द्वारा पहले से ही कार्यालय पर पुलिस बल की तैनाती की गई थी। शनिवार को पुन: मांग पत्र सौंपने के आश्वासन मिलने के बाद शिक्षक मानें। इस मौके पर एसटी हक, अनिल मंडल, संजय कुमार, राकेश कुमार, अमित कुमार, राहुल कुमार, पंकज कुमार, अजीत कुमार, जय प्रकाश सिंह, धर्मेन्द्र कुमार, वीरेन्द्र प्रसाद, अरविंद कुमार वर्मा, प्रवीण कुमार, संतोषी कुमारी, आभा कुमारी, अमृता सिंह सहित अन्य मौजूद रहे।
डीईओ कार्यालय का घेराव करते शिक्षक।