आज डीईओ कार्यालय का शिक्षक करेंगे घेराव
हड़ताल पर चल रहे माध्यमिक शिक्षक आज डीईओ कार्यालय का घेराव करेंगे। वहीं स्थापना डीपीओ को अपनी मांगों से संबंधित ज्ञापन भी सौंपेंगे । शहर के दानी बिगहा बस स्टैंड परिसर में धरना को संबोधित करते हुए संघ के जिला सचिव अमिताभ रंजन ने कही। उन्होंने कहा कि विभाग के द्वारा जनवरी व फरवरी माह का वेतन रोक दिया गया है। जिसके कारण शिक्षकों के परिवार के सामने आर्थिक रूप से बड़ी समस्या उत्पन्न हो गई है। हड़ताल की अवधि में वेतन रोका जाना तकलीफदेह नहीं है, लेकिन हड़ताल से पहले 2 माह के वेतन रोकना किसी भी स्थिति में सही नहीं है। यह मानवाधिकार का उल्लंघन भी है। इन मांगों को लेकर शुक्रवार को घेराव किया जाएगा। घेराव के माध्यम से अधिकारियों से वेतन भुगतान करने की मांग की जाएगी। संघ के अध्यक्ष हजारी सिंह ने कहा कि सरकार शिक्षकों के वेतन रोक भूखे मारना चाहती है। जिसे बर्दाश्त नहीं किया जाएगा। इस मौके पर विनय कुमार, नौशाद आलम, राहुल गुप्ता, राजीव रंजन, ब्रजकिशोर प्रसाद, महेंद्र कुमार , शंकर कुमार, जयप्रकाश सिंह, अमित कुमार, शिवपूजन कुमार, विनोद कुमार मिश्रा सहित अन्य मौजूद रहे।