- Hindi News
- National
- Aurangabad(Bihar) News Villagers Of Bell Village Did Not Refuse To Accuse Holi Administration Of Apathy
बेल गांव के ग्रामीणों ने नहीं मनाई होली प्रशासन पर उदासीनता का लगाया आरोप
ओबरा प्रखंड के बेल गांव में इस वर्ष भी ग्रामीणों ने होली पर्व नहीं मनाया। प्रशासन पर उदासीनता का आरोप लगाते हुए ग्रामीणों ने कहा कि जब तक होलिका दहन स्थल का मामला नहीं सुलझता है तब तक वे लोग होली पर्व नहीं मनाएंगे। बताते चलें कि वर्ष 2014 से ही गांव के ग्रामीणों के द्वारा होली का पर्व नहीं मनाया जा रहा है। हालाकि प्रशासन के द्वारा लोगों का समझाने का इस वर्ष भी पूरा प्रयास किया गया है पर लोग मानने को तैयार नहीं हुए । सुरक्षा के दृष्टिकोण से प्रशासनिक स्तर पर गांव में दंडाधिकारी के साथ साथ पुलिस पदाधिकारी तथा जवानों की तैनात किया गया है ताकि किसी भी स्थिति में माहौल खराब ना हो। इधर ग्रामीण अजय कुमार वर्मा, अरुण कुमार शर्मा, अजय मिस्त्री , जितेंद्र शर्मा , चंदन कुमार, हरेंद्र कुमार, दिनेश प्रसाद, नेपाल मिस्त्री, नागेंद्र विश्वकर्मा, संजय विश्वकर्मा, गोपाल यादव , दिलीप यादव सहित अन्य का कहना है कि जिस जगह पर पहले होलिका दहन होता था । वहां कब्रिस्तान की घेराबंदी करा दी गई है। उक्त जमीन पर लगभग 100 वर्ष पहले से ही प्रत्येक वर्ष होली के मौके पर होलिका दहन किया जाता रहा है। उक्त जमीन खतियानी है । लेकिन एक तरफा प्रशासन के द्वारा कार्रवाई की गई और उन लोगों की बातों को अनसुना कर दिया गया। इस मामले को लेकर वे लोग कोर्ट के शरण में गए हैं। अब न्यायालय पर ही उन्हें पूरा भरोसा है । जब तक न्यायालय का फैसला नहीं आएगा तब तक वह लोग होली का पर्व गांव में नहीं मनाएंगे। इस संबंध में थानाध्यक्ष संजय कुमार ने बताया कि प्रशासनिक स्तर से उक्त गांव में विधि व्यवस्था शांति बनाए रखने के उद्देश्य से पुलिस जवान व मजिस्ट्रेट की नियुक्ति की गई है।