बिहार सरकार कुंभकरणी नींद में सोई है : प्रकाश
अमरपुर | सात सूत्री मांगों को लेकर हड़ताल के 22वें दिन शिक्षकों का आक्रोश फूट पड़ा। इस दौरान शिक्षकों ने प्रखंड अध्यक्ष अमन खां के नेतृत्व में प्रखंड कार्यालय परिसर में बिहार के मुख्यमंत्री नीतीश कुमार, शिक्षा मंत्री एवं शिक्षा सचिव का पुतला फूंका। इस मौके पर प्रखंड सचिव प्रकाश सिंह ने बिहार सरकार के खिलाफ जमकर अपनी भड़ास निकालते हुए कहा आज बिहार के सभी नियोजित शिक्षक सात सूत्री मांगों को लेकर हड़ताल पर डटे हुए हैं। हड़ताल के कारण बिहार के सभी प्राथमिक विद्यालय एवं मध्य विद्यालयों में ताला लटकी हुई है। नोनिहालों समेत छात्र-छात्राओं का भविष्य अंधकारमय हो रहा है, लेकिन हमारे मुख्यमंत्री कानों में रूई डालकर कुम्भकर्णी नींद में सोई है। शिक्षक प्रताप भानु भास्कर ने कहा कि जब तक हमारी मांगें पूरी नहीं होगी, तब तक हम शिक्षक पूरी एकजुटता से हड़ताल पर डटे रहेंगे। इस अवसर पर शिक्षक जितन हरिजन, लक्ष्मण पासवान, राज किशोर कापरी, महेश कुमार, कुंदन कुमार, बिरेन्द्र प्रसाद, संजु कुमारी, सुबोद कुमार, धर्मेन्द्र कुमार समेत सैकड़ों की संख्या में शिक्षक उपस्थित थे।