पाएं अपने शहर की ताज़ा ख़बरें और फ्री ई-पेपर

डाउनलोड करें

होली में नशे में धुत्त हुड़दंगियों ने की मारपीट, एक गिरफ्तार

एक वर्ष पहले
  • कॉपी लिंक

होली के दौरान कुर्मा गांव में एक युवक ने शराब के नशे में धुत होकर क्षेत्र के पूर्व विधायक सह पूर्व राजद जिलाध्यक्ष कुर्मा गांव निवासी नरेश दास के साथ गाली गलौज व मारपीट कर जख्मी किये जाने के बाद उसके पुत्र ने धोरैया थाना में आवेदन देते हुए प्राथमिकी दर्ज कराई है।

जानकारी के अनुसार 9 मार्च की शाम 7 बजे गांव के ही शंकर दास के पुत्र रंजीत कुमार पूर्व विधायक के घर पर आ धमका तथा उनके साथ गाली-गलौज करते हुए मारपीट करने लगा। मौके पर मौजूद पूर्व विधायक के पुत्र सह कुर्मा पंचायत के मुखिया त्रिभुवन प्रसाद के साथ भी गाली-गलौज करते हुए मारपीट की। इसकी सूचना धोरैया पुलिस को दी गई। जिसके उपरांत पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए शराबी युवक को गिरफ्तार करते हुए मेडिकल जांच में शराब पीने की पुष्टिी होने के बाद पुलिस ने शराबी युवक को न्यायिक हिरासत में बांका जेल भेज दिया।

वहीं पूर्व विधायक का प्राथमिक उपचार सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र धोरैया में किया गया। इस बाबत थानाध्यक्ष महेश्वर राय ने बताया कि नरेश दास के हाथ में चोट लगी है। वहीं दूसरी ओर हिन्दू मुस्लिम एकता का पूरे जिले में परिचय देने वाले कुर्मा गांव में होली के दौरान सोमवार को एक पक्ष द्वारा दूसरे पक्ष को कीचड़ देने के बाद मारपीट हो गई।

नशे में पूर्व विधायक सह पूर्व राजद जिलाध्यक्ष को पीटा

थाना में शिकायत करने पहुंची पीड़ित महिला।

जमीन विवाद में मारपीट, 2 महिला सहित 3 जख्मी

भास्कर न्यूज | चांदन

प्रखण्ड क्षेत्र के दो अलग-अलग स्थानों में होली के दौरान हुड़दंग की घटनाएं सामने आई है। हड़दंग में मारपीट की घटनाओं को ले दो व्यक्ति गंभीर रूप से जख्मी हो गए। बिहार झारखंड की सीमा दर्दमारा बॉर्डर पर नशे में धुत्त युवाओं द्वारा अभद्र व्यवहार किए जाने की भी घटनाएं सामने आई है। मारपीट कर एक युवक को घायल भी किया गया। जबकि दूसरी तरफ शराब के नशे में धुत्त युवकों के बीच डीजे बजाने को लेकर हुई मारपीट की घटना में एक युवक घायल हो गया।

दर्दमारा में हुई घटना को लेकर दर्दमारा निवासी मंटू देव ने भनरा गांव के थनेश्वर यादव, कुन्दन यादव, पंचु यादव, पप्पु यादव व रोहित यादव के खिलाफ नशे में धुत्त होकर घर पहुंच कर महिलाओं के साथ अभद्र व्यवहार करने और एक सोने की चेन की छिनतई करने की प्राथमिकी चांदन थाने मे दर्ज करायी है। वहीं इसी मामले में भनरा गांव निवासी परमेश्वर यादव ने दर्दमारा निवासी मंटू देव, नीरो देव, दीपक देव व जितेन्द्र देव के खिलाफ बेवजह मारपीट करने का आरोप लगाते हुए चांदन थाने में प्राथमिकी दर्ज करायी है। इस घटना में थनेश्वर यादव को सिर में गंभीर चोटें आयी है।

मामले में थनेश्वर यादव के भाई-भतीजों ने काली स्थान दर्दमारा के पास सुल्तानगंज देवघर मार्ग को अवरूद्ध करने का प्रयास किया लेकिन पुलिस की तत्परता से कामयाब नहीं हो सका। इस मामले में चांदन पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए आरोपी मंटू देव को गिरफ्तार कर जेल भेज दिया जबकि छिनतई मामले के आरोपी कुन्दन यादव व उसके सहयोगी शिवा यादव को शराब के नशे की हालत में गिरफ्तार कर चांदन लाया, जहां दोनों युवकों को बेल दे दिया गया। वहीं बिरनियां पंचायत के पहाड़पुर में डीजे बजाने को लेकर हुई मारपीट की घटना में बिहारी राय को सिर में गंभीर चोटें आयी है।

इस मामले को लेकर युवक के पिता ईश्वर राय ने पहाडपुर गांव के ही लालमोहन राय, सौरभ राय व विकास राय के खिलाफ चांदन थाना मे प्राथमिकी दर्ज करायी है। इस संबंध मे थानाध्यक्ष नीरज तिवारी ने बताया कि दर्दमारा में हुई घटना के लेकर दोनों पक्षों की ओर से प्राथमिकी दर्ज की गयी है, जिसमें एक आरोपी को गिरफ्तार जेल भेज दिया गया है जबकि अन्य आरोपियों की गिरफ्तारी हेतु छापेमारी की जा रही है।

कटोरिया | आनंदपुर ओपी क्षेत्र अंतर्गत पिड़रा गांव में बुधवार को भूमि विवाद को लेकर दो पक्षों के बीच हुए मारपीट की घटना में दोनों पक्षों के दो महिलाओं सहित तीन जख्मी हो गए। साथ ही एक पक्ष के घर में दूसरे पक्ष द्वारा आग लगा दिया गया। इधर तीनों जख्मी का इलाज कटोरिया रेफरल अस्पताल में कराया गया। जख्मी में एक पक्ष के शकुंतला देवी एवं सरिता देवी, जबकि दूसरे पक्ष के तुलसी मंडल शामिल हैं। घटना के संबंध में दोनों पक्षों की ओर से आनंदपुर ओपी में एक दूसरे के विरुद्ध अलग-अलग आवेदन देकर कार्रवाई की गुहार लगायी गयी है। जिसमें दोनों पक्षों द्वारा भूमि विवाद को लेकर मारपीट और घर में आग लगाने का आरोप लगाया गया है।
खबरें और भी हैं...