किसान का बेटा दीपक इसरो में बना वैज्ञानिक
शंभूगंज के इंटर स्तरीय एसकेएम दाढ़ी पकरिया विद्यालय के दशवीं कक्षा के छात्र दीपक कुमार का इंडियन स्पेस रिसर्च ऑर्गेनाइजेशन (इसरो) में युवा वैज्ञानिक कार्यक्रम के लिए चयन हुआ। इस सफलता से उन्होंने न सिर्फ विद्यालय का बल्कि जिले का नाम रौशन किया है। इनके इस सफलता से न केवल उनका बल्कि जिले कद बढ़ गया है। इस सफलता से एसकेएम संस्थान सहित क्षेत्रवासियों में खुशी की लहर है। दीपक के इस सफलता पर शनिवार को एसकेएम विद्यालय में सम्मान समारोह का आयोजन किया गया। विद्यालय के प्राचार्य डा. अनूप बेरी ने छात्र दीपक कुमार व पिता पैतू यादव को मिठाई खिलाकर हर्ष व्यक्त किया। दीपक ने बताया कि विज्ञान के क्षेत्र में प्रारंभ से ही उसकी दिलचस्पी है।
दैनिक भास्कर में इसरो से युविका (युवा वैज्ञानिक कार्यक्रम) विज्ञापन देख जगी जिज्ञासा
बताया कि दैनिक भास्कर अखबार में इसरो से युविका (युवा वैज्ञानिक कार्यक्रम) के तहत विज्ञापन देख जिज्ञासा जगी। इसके बाद ऑनलाइन आवेदन किया था। उन्होंने दैनिक भास्कर के प्रति आभार व्यक्त करते हुए इस सफलता का श्रेय माता-पिता व गुरुजनों को दिया और कहा कि कोशिश करने वाले की कभी हार नहीं होती। सच्चाई और ईमानदारी से किया गया कोई काम बेकार नहीं होता। वैसे दीपक कुमार मूल रूप से कटोरिया थाना क्षेत्र के धोबनी गांव निवासी हैं। घर की स्थिति ठीक नहीं होने के कारण वे अपने दूर के रिश्तेदार के यहां शंभूगंज आ गए। दीपक की पढ़ाई के प्रति बढ़ते ललक देख स्वजनों ने किसी तरह एसकेएम में दाखिला करा दिया।
पांच भाई बहनों में तीसरे नंबर पर हैं दीपक
पैतू यादव के पांच संतानों में दीपक तीसरे नंबर पर है। उनके दो बड़े भाई प्रदीप और संदीप स्नातक की पढ़ाई कर रहे हैं और एक छोटी बहन किरण गांव के विद्यालय में पढ़ाई कर रही हैं। इधर एसकेएम संस्थान के निदेशक मानवेन्द्र कुमार गौतम, प्रबंध निदेशक सुधीर प्रसाद, प्राचार्य डा. अनूप बेरी, गोपाल प्रसाद सिंह ने बधाई दी।
इसरो में वैज्ञानिक।