- Hindi News
- National
- Katoria News Hiva Collides In Truck Parked In Front Of Hotel Near Laxman Jhula Khalasi Checking The Wind Dies
हाइवा ने लक्ष्मण झूला के पास हाेटल के सामने खड़े ट्रक में मारी टक्कर, हवा चेक कर रहे खलासी की मौत
कटोरिया थाना क्षेत्र अंतर्गत कटोरिया-देवघर मुख्य मार्ग स्थित लक्ष्मण झूला के पास रविवार की सुबह सड़क किनारे खड़े एक ट्रक को पीछे तेज रफ्तार हाईवा टक्कर मार दी। दुर्घटना में ट्रक के पीछे वाले टायर की हवा चेक कर रहे खलासी की मौके पर ही मौत हो गयी। टक्कर इतनी जबरदस्त थी कि हाईवा के केबिन के परखच्चे उड़ गये। मृतक रौशन कुमार मुंगेर जिला के नया रामनगर थाना के फरदा फुलवारी टोला का रहने वाला था। घटना के बाद चालक ट्रक लेकर फरार हो गया। पुलिस क्षतिग्रस्त हाइवा के चालक आैर मालिक के पहचान में जुट गई है। इस संबंध में मृत खलासी के भाई के बयान पर कटोरिया थाना में मामला दर्ज किया गया है।
रामपुर हाट से ट्रक में गिट्टी लादकर जा रहा था खड़गपुर:प्राप्त जानकारी के अनुसार रौशन कुमार खड़गपुर के एक ट्रक में खलासी था। रविवार को वह ट्रक में रामपुर हाट से गिट्टी लेकर वापस खड़गपुर जा रहा था। इस दौरान चाय-नाश्ता करने के लिए ट्रक चालक ने लक्ष्मणझूला स्थित एक लाइन होटल पर ट्रक रोक दी। जहां खलासी ट्रक के पिछले टायर की हवा चेक करने लगा। इसी बीच पीछे से तेज गति से आ रही एक हाइवा (रजिस्ट्रेशन नंबर जेएच 15 एम 3285) ने खड़ी ट्रक में पीछे जोरदार टक्कर मार दी। इस टक्कर में पीछे वाली टायर में हवा चेक रहे खलासी रगड़ाकर हाईवा के बीच में आ गया, जिससे कुचलकर उसकी मौके पर ही मौत हो गयी।
इधर, दुर्घटना के बाद ट्रक चालक मौके से ट्रक लेकर फरार हो गया, जबकि हाइवा का इंजन क्षतिग्रस्त होने से चालक गाड़ी छोड़कर मौके से भाग निकला। स्थानीय लोगों की सूचना पर कटोरिया थानाध्यक्ष राजेश कुमार, सअनि विपिन यादव सदलबल मौके पर पहुंचे और शव को कब्जे में लेकर कटोरिया रेफरल अस्पताल लाया। साथ ही दुर्घटनाग्रस्त हाइवा को जब्त कर लिया गया। पुलिस द्वारा शव की पहचान कर उसके परिजनों को घटना की जानकारी दी गयी। जानकारी मिलने पर मृतक का बड़ा भाई राकेश कुमार, चाचा रविन्द्र कुमार, मौसा दिलीप कुमार, जीजा सहित चार-पांच ग्रामीण ने पहुंचकर शव की शिनाख्त की। तत्पश्चात पुलिस द्वारा शव को पोस्टमार्टम के लिए बांका भेज दिया गया। इधर घटना के संबंध में मृतक के भाई के फर्द बयान पर दुर्घटनाग्रस्त हाइवा सहित अज्ञात चालक एवं अज्ञात मालिक पर कटोरिया थाना में मामला दर्ज किया गया है। कटोरिया पुलिस फरार ट्रक के चालक व मालिक की पहचान करने में जुट गयी है।
हाइवा के क्षतिग्रस्त हाेने पर चालक वाहन छोड़ हो गया फरार
शराब तस्कर का पीछा कर रहे जेएसआई की बाइक दुर्घटनाग्रस्त, दो हुए घायल
पंजवारा| पंजवारा थाना क्षेत्र के कुमराडीह गांव के समीप शराब तस्कर का पीछा कर रहे जेएसआई की बाइक दुर्घटनाग्रस्त हो गई। दुर्घटना में जेएसआई सहित एक होमगार्ड जवान बुरी तरह घायल हो गए। प्रत्यक्षदर्शियों के मुताबिक शराब तस्करों को गिरफ्तारी के लिए जेएसआई मनोज सिंह द्वारा विक्रमपुर-माराटीकर मार्ग पर जांच अभियान चलाया जा रहा था। इस दौरान माराटीकर के समीप गोड्डा की तरफ से आ रहे एक पल्सर बाइक सवार को पुलिस द्वारा रुकने का इशारा किया गया। पुलिस को देखकर बाइक सवार तेज गति से विक्रमपुर की तरफ भाग निकला। जिसके बाद जेएसआई ने एक बाइक से होमगार्ड के जवान गोपाल कुमार के साथ भाग रहे बाइक सवार का पीछा शुरू किया। इस प्रयास में उनकी बाइक कुमराडीह गांव के समीप नवनिर्मित पुल के रेलिंग से जा टकराई। दुर्घटना में जेएसआई सहित होमगार्ड जवान बुरी तरह जख्मी हो गये। दुर्घटना के बाद स्थानीय ग्रामीणों ने इसकी सूचना पंजवारा थाना को दी। सूचना पर पहुंची पुलिस ने दोनों को इलाज के लिए बांका सदर अस्पताल भेजवाया दिया। जहां से बेहतर उपचार के लिए उन्हें भागलपुर रेफर कर दिया गया। बताया जाता है कि दुर्घटना में होमगार्ड जवान का बायां पैर टूट गया है, वहीं जेएसआई के पैर एवं सिर में गंभीर रूप से चोट पहुंची है।
क्षतिग्रस्त हाइवा।
पंजवारा में जख्मी जेएसआई मनोज सिंह।