- Hindi News
- National
- Banka News Illicit Property Of Criminals Will Be Confiscated Under Pmla Law
पीएमएलए कानून के तहत जब्त होगी अपराधियों की अवैध संपत्ति
एसपी अरविंद कुमार गुप्ता ने प्रेस विज्ञप्ति जारी कर बताया है कि बांका जिले में अवैध बालू उत्खनन, भंडारण, परिचालन तथा पासर गिरोह के विरुद्ध सख्त कार्रवाई करते हुए अब तक 283 ट्रैक्टर, 123 ट्रक, 28 मिनी हाइवा, 5 टेलर, 1 जेसीबी सहित कुल 476 वाहन एवं अवैध बालू डंप 39 हजार 800 सीएफटी जब्त की गई है। उन्होंने बताया कि पासर सरगना के विरुद्ध पीएमएलए के तहत नाजायज तरीके से अर्जित संपत्ति के अधिग्रहण के लिए पुलिस मुख्यालय प्रस्ताव समर्पित किया गया है, जिसमें लीलावरण बाराहाट निवासी मो. बदरूजमा अंसारी का नाम शामिल है।
इसी प्रकार अवैध बालू के पूर्णरूपेण रोकथाम के लिए बालू माफियाओं के विरुद्ध पीएमएलए के तहत नाजायज तरीके से अर्जित संपत्तियों के अधिग्रहण के लिए पुलिस मुख्यालय को प्रस्ताव समर्पित किया गया है, जिसमें मजलिसपुर निवासी विभीसन यादव, नयाडीह रजौन निवासी छोटू यादव एवं निलेश यादव, रामपुर रजौन निवासी संजय यादव के नाम शामिल हैं।
सैंकड़ों लीटर शराब की गयी है जब्त
एसपी अरविंद कुमर गुप्ता ने बताया कि होली के अवसर पर अवैध शराब के निर्माण, परिचालन तथा भंडारण के विरुद्ध सघन छापेमारी के बाद अब तक नवादा, बेलहर, धोरैया, खेसर व शंभूगंज थानाध्यक्ष के द्वारा अवैध शराब के निर्माण हेतु बनाए गए भट्टी को ध्वस्त किया गया तथा अभियान के तहत नवादा थाना से कुल 116.500 लीटर देसी व विदेशी शराब को जब्त किया गया है जिसमें एक व्यक्ति की गिरफ्तारी हुई है।
वहीं खेसर ओपी से 45 लीटर देसी महुआ शराब को जब्त किया गया है, जबकि एक व्यक्ति को गिरफ्तार किया गया है। वहीं सूईया थाना में 1.750 लीटर विदेशी शराब जब्त किया गया है, साथ ही एक व्यक्ति को गिरफ्तार करते हुए उनकी कार भी जांच की गई है। वही रजौन थाना से 36 लीटर देसी शराब व 2 लीटर बीयर के साथ एक व्यक्ति को गिरफ्तार किया गया है।