ट्रांसफॉर्मर जलने से ग्रामीण एक महीने से अंधेरे में, गुस्सा
लगभग एक महीने से ट्रांसफार्मर जल जाने से अंधेरे में रहने को मजबूर कटोरिया से सटे चांदन प्रखंड अंतर्गत धन्नुवसार पंचायत के बंगालगढ़ वार्ड संख्या 17 के ग्रामीणों ने शुक्रवार को बिजली विभाग के विरुद्ध विरोध-प्रदर्शन किया। इन लोगों ने पीएसएस में कटोरिया फीडर के कनीय अभियंता को सामूहिक हस्ताक्षर युक्त आवेदन देकर समस्या के समाधान की गुहार लगाई। दिए गए आवेदन में ग्रामीणों ने बताया कि 20-25 दिनों से ट्रांसफार्मर खराब होने से ग्रामीण अंधेरे में रहने को विवश हैं। बिजली बाधित होने से जल नल का पानी भी सप्लाई नहीं हो पा रहा जिससे पेयजल की समस्या भी उत्पन्न हो गयी है। स्थानीय मानव बल को सूचना देने के बाद भी समस्या का समाधान नहीं किया गया है। ग्रामीणों ने कनीय अभियंता से जले हुए ट्रांसफार्मर के जगह नया ट्रांसफार्मर लगाने की मांग की। इस मौके पर ग्रामीण राजकुमार टूडू, मनोज हेंब्रम, श्याम लाल मरांडी, सुनील कुमार मरांडी आदि मौजूद थे।
बिजली विभाग के खिलाफ प्रदर्शन करते ग्रामीण।