- Hindi News
- National
- Begusarai News Corporation Discussed The Budget People Asked To Restore Basic Facilities
निगम ने बजट को लेकरे किया संवाद, लोगों ने बुनियादी सुविधा बहाल करने को कहा
नगर निगम प्रशासन द्वारा बजट पूर्व संवाद कार्यक्रम का आयोजन नगर निगम सभा भवन में किया गया। संवाद कार्यक्रम में बुद्धिजीवियों ने शहर की वर्तमान स्थिति में बेहतर शहर किस तरह बनाएं और किस मद में कितना खर्च किया जाए पर सुझाव दिया। लोगों द्वारा दिए गए सुझाव पर नगर निगम प्रशासन द्वारा गंभीरता पूर्वक विचार करने की बात कहीं है।
इन्होंने दिए सुझाव : डॉ एस पंडित ने शहर को साफ और सुंदर बनाने के लिए शहर के अंदर जगह-जगह पर डस्टबिन रखने और खुले नालों पर ढक्कन लगाने का सुझाव दिया। ओमप्रकाश पट्टू ने शहर के अंदर महिला और पुरूषों के लिए अगल-अगल शौचालय बनाने और उसकी साफ-सफाई तथा शहर के अंदर पेड़ पौधा लगाने का सुझाव दिया। डॉ रंजन चौधरी ने काली स्थान से लेकर विष्णुपुर चौक तक की सड़क को अतिक्रमण मुक्त कर शहर के अंदर एंबुलेंस के लिए एक ग्रीन लाइन बनाने और पार्क व सार्वजनिक शौचालय का रखरखाव करने का सुझाव दिया। वहीं पर्यावरण साथी नीतेश रंजन कहा कि आईओसीएल द्वारा शहर के अंदर पौधारोपण कर गैबियन लगाया जाए। साथ ही कहा कि शहर के अंदर आईओसीएल द्वारा प्रदूषण जांच उपकरण दो-तीन पॉइंट पर लगाने का सुझाव दिया। डॉ दशरथ प्रसाद सिंह ने शहर के खाली पड़े जमीन की साफ सफाई कराकर अस्थाई दुकान बनाकर नगर निगम क्षेत्र के बेरोजगार युवाओं को रोजगार देने का सुझाव दिया। सेवानिवृत कर्मी अशोक सिन्हा ने लोहिया नगर रेलवे ओवरब्रिज पर वनवे सिस्टम लागू करने का विरोध किया। मेयर यूपी सिंह ने कहा कि संवाद कार्यक्रम में बुद्धिजीवियों द्वारा दिए गए सुझाव का बजट में प्रावधान किया जाएगा और संबंधित विभाग को सूचित किया जाएगा। कवयित्री मुकुल लाल इल्तिजा सहित अन्य बुद्धिजीवियों ने भी अपना सुझाव दिया। मौके पर उप मेयर राजीव रंजन, विधायक प्रतिनिधि, पूर्व मेयर आलोक अग्रवाल, नगर आयुक्त अब्दुल हमीद, उप नगर आयुक्त हेमंत कुमार, अरुण यादव मौजूद थे
बजट पर संवाद कार्यक्रम आयोजित।