- Hindi News
- National
- Begusarai News Daily Health Of 9 People Coming From Abroad Will Be Examined Workers Will Go Home
विदेश से आने वाले 9 लोगों के स्वास्थ्य की रोजाना होगी जांच, कर्मी जाएंगेे घर
जिले के सभी स्कूलों में भी अब कोरोना वायरस से बचाव को लेकर मुहिम चलाई जाएगी। इसके तहत विद्यालयों में चेतना सत्र के दौरान प्रतिदिन कोरोना वायरस तथा उससे सुरक्षित रहने के उपायों के बारे में चर्चा की जाएगी। दरअसल गुरूवार को डीएम अरविंद कुमार वर्मा ने जिले कि विभिन्न विभागों के अधिकारियों के साथ अपने कार्यालय कक्ष में कोरोना वायरस की वस्तुस्थिति को लेकर समीक्षा की। इस दौरान डीएम ने कोरोना वायरस के प्रति जागरूकता बढ़े, इसको लेकर डीईओ देवेन्द्र कुमार झा को स्कूल में बच्चों को इसके लिए जागरूक कार्यक्रम चलाने का निर्देश दिया। बैठक में मुख्य सचिव के आदेश के आलोक में जिला स्तर पर कोरोना वायरस से बचाव हेतु डीएम की अध्यक्षता में दस सदस्यीय जिला समन्वय समिति/कार्यबल का गठन भी किया गया। डीएम अरविंद कुमार वर्मा ने सबसे पहले जिले में कोरोना वायरस की वस्तुस्थिति तथा विदेशों से आए ऐसे व्यक्ति जिनके स्वास्थ्य की निगरानी की जा रही है, ऐसे लोगों की गतिविधियों की जानकारी डीएम ने प्राप्त की । डीएम ने विदेश से आए नौ व्यक्ति जिन्हें निगरानी के तहत रखा गया है, की स्थिति पर लगातार नजर रखने को कहा। साथ ही ऐसे व्यक्ति की वास्तविक स्थिति का पता चल सके इसके लिए प्रतिदिन किसी ना किसी एक स्वास्थ्य कर्मी को उनके पास भेजने का भी निर्देश दिया। डीएम ने कहा कि कोरोना वायरस को लेकर हरेक व्यक्ति काफी संवेदनशील हो तथा किसी भी प्रकार की लापरवाही नहीं बरते। उन्होंनें स्वास्थ्य विभाग के पदाधिकारियों को निर्देश देते हुए कहा कि सभी प्रखंडों में कम से कम कोरोना वायरस के संबंध में जागरूकता के लिए प्रचार-प्रसार हेतु भी विशेष प्रयास करने का भी निर्देश दिया। डीएम ने नगर निकायों के पदाधिकारियों को निर्देश देते हुए कहा कि अविलंब स्थानीय जनप्रतिनिधियों के साथ बैठक कर कोरोना वायरस से जुड़े मामलों की जानकारी दें तथा उन्हें यह भी बताए कि यदि उनकी जानकारी में कोई ऐसे व्यक्ति जो हाल में विदेश से आएं हो तो तत्काल उसकी जानकारी संबंधित बीडीओ और एमओआईसी को दें, ताकि सभी आवश्यक कदम उठाए जा सकें। नगर क्षेत्रों में माईकिंग कर इस संबंध में प्रचार-प्रसार करने के निर्देश के साथ-साथ डीपीओ आई सीडीएस को भी आंगनबाड़ी सेविका सहायिका के माध्यम से जागरूकता का प्रसार करने का निर्देश दिया।
बैठक में डीएम ने आम लोगों से अपील करते हुए कहा कि सामान्य सर्दी/जुकाम से घबराने की जरूरत नहीं है, लेकिन ऐसी स्थिति में भी भीड़-भाड़ से बचने के साथ-साथ व्यक्तिगत स्वच्छता और रोकथाम के बुनियादी सिद्धांतों का पालन करें। उन्होंनें कहा कि खुद को सुरक्षित रखने के साथ-साथ दूसरों को भी सुरक्षित रखने के लिए जरूरी है, अगर किसी व्यक्ति को बुखार, खांसी तथा सांस लेने में कठिनाई है तो डाक्टर से सम्पर्क करें। छींकते समय अपना मुंह व नाक जरूरत ढ़के। बार-बार अपने हाथ धोएं ।
बैठक में ये लोग थे मौजूद
बैठक में एसपी अवकाश कुमार, प्रभारी डीडीसी सह नगर आयुक्त मो. अब्दुल हामिद, सीएस कृष्ण मोहन वर्मा, जिला पंचायती राज पदाधिकारी मंजू प्रसाद, डीपीओ आई सीडीएस रचना सिंह, डीपीआरओ भुवन कुमार सहित अन्य विभाग के अधिकारी मौजूद थे।
अधिकारियों के साथ बैठक करते डीएम।