- Hindi News
- National
- Begusarai News Firing In Municipal Corporation During Tender 3 Injured Including Constable In Presence Of Police
पुलिस की मौजूदगी में टेंडर के दौरान नगर निगम में फायरिंग, सिपाही समेत 3 घायल
पुलिस की मौजूदगी में बस स्टैंड के लिए हो रहे टैंडर के दौरान नगर निगम परिसर में घुसकर बेखौफ बदमाशों ने अंधाधुंध गोलीबारी कर एक सिपाही समेत तीन लोगों को जख्मी कर दिया। घायलों को तत्काल अस्पताल में भर्ती कराया गया जहां सभी खतरे से बाहर हैं। 12.30 बजे दोपहर में भीड़भाड़ वाली जगह तथा नगर थाना से महज 200 मीटर की दूरी पर हुए इस वारदात से शहर में हड़कंप की स्थिति पैदा हो गई। समाहरणालय से मात्र 150 मीटर की दूरी पर स्थित नगर निगम के परिसर मे ओपन टेंडर के दौरान फायरिंग में ड्यूटी पर तैनात होमगार्ड के जवान अशोक यादव, ठेकेदार मुरारी सिंह और बाबू साहेब को गोली लग गई। मामले की जानकारी मिलते ही नगर थानाध्यक्ष अमरेंद्र कुमार झा मौके पर पहुंचे तथा फायरिंग कर भाग रहे एक बदमाश विनायक कुमार को हथियार के साथ गिरफ्तार कर लिया।
जांघ के जख्म को हाथों से दबाते हुए सदर अस्पताल पहुंचा होमगार्ड जवान अशोक
मेरी ड्यूटी नगर निगम परिसर में लगाई गई थी। मेरे साथ दरोगा प्रेम प्रसाद पाल और एक अन्य होमगार्ड जवान थे। करीब सवा बारह बजे दोपहर होगा। मैं नगर आयुक्त के कार्यालय के अंदर गया। नगर आयुक्त ने कहा कि आप बाहर की सुरक्षा संभालिए। मैं बाहर निकला, तभी देखा कि कुछ लोग आपस में मारपीट कर रहे हैं। तभी एक बदमाश गोली चलाने लगा। एक गोली मेरी जांघ में लग गई। खून बहने लगा। मैं अपने जख्म को दबा कर दौड़ता हुआ सदर अस्पताल पहुंचा। जहां डाक्टरों ने मेरा इलाज किया।
1.22 करोड़ रुपए की राशि से बस स्टैंड व शौचालय का होना था टैंडर
शुक्रवार को नगर निगम द्वारा संचालित बस स्टैंड और 5 सुलभ शौचालय का ओपन टेंडर एक बजे दोपहर में होना था। मुख्य बस पड़ाव के लिए 86 लाख, छोटी बस पड़ाव के लिए सात लाख, बस स्टैंड शौचालय 3 लाख तथा डेढ-डेढ लाख का 4 शौचालय का ओपन टेंडर होना था। इसी टेंडर में हिस्सा लेने के लिए मुफ्फसिल थाना क्षेत्र के बड़ी एघु निवासी मुरारी सिंह भी अपने साथियों के साथ पहुंचा था। पुलिस के अनुसार करीब साढ़े 12 बजे रतनपुर निवासी कुख्यात राम भरोसी सिंह अपने साथियों के साथ ताबड़तोड़ फायरिंग शुरु कर दी।
10 मिनट तक निगम गेट पर हथियार लहराते रहे बदमाश
नगर निगम गेट पर बदमाश हथियार लहराते रहे जिसकी तस्वीर सामने आई है। तस्वीर में दो बदमाश हाथ में पिस्टल लेकर गेट तथा नगर निगम परिसर में मंडराते देखे गए हैं। सबसे बड़ा सवाल यह है कि टैंडर के लिए पुलिसकर्मी जब निगम परिसर में तैनात थे तो ऐसी परिस्थिति में बदमाश कैसे खुलेआम हथियार लहराते रहे और फायरिंग कर तीन लोगों को गोली मार दी। फायरिंग के बाद नगर निगम परिसर तथा नगरपालिका मार्केट में अफरातफरी मच गई। अति सुरक्षित माने जाने वाले क्षेत्र में दिन दहाड़े हुई इस गोलीबारी से अफरातफरी मच गई।
घायल का इलाज करते डॉक्टर।
बस स्टैंड के लिए होना था टेंडर
पहले हुई मारपीट, फिर राम भरोसी गैंग ने की फायरिंग | प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार दबंग ठेकेदार मुरारी सिंह समेत अन्य ठेकेदार बस स्टैंड के टेंडर में हिस्सा लेने के लिए पहले से नगर निगम कार्यालय पहुंचे हुए थे। इसी बीच राम भरोसी सिंह अपने साथियों संग पहुंचा। दोनों पक्षों में मारपीट शुरू हो गई। इसी बीच राम भरोसी सिंह समेत विनायक सिंह एवं अन्य बदमाशों ने फायरिंग करना शुरू कर दिया। नगर थानाध्यक्ष अमरेंद्र कुमार झा ने बताया कि जख्मी जवान अशोक के फर्दबयान पर राम भरोसी सिंह, विनायक सिंह समेत अन्य बदमाशों पर एफआईआर दर्ज की गई है। बदमाशों की गिरफ्तारी के लिए छापेमारी की जा रही है। उन्होंने बताया कि बदमाशों ने 6 राउण्ड गोली चलाई थी।