पहली बार 51 जोड़ों का होगा सामूहिक विवाह
कन्यादान मिशन के तहत 26 अप्रैल को जीडी कॉलेज में 51 जोड़ों का सामूहिक विवाह रचाया जाएगा। उक्त कार्यक्रम की तैयारी को लेकर शुक्रवार को एक बैठक आयोजित की गई। टेढ़ीनाथ मंदिर के समीप स्थित रामू खेमका के आवास पर आयोजित बैठक में 26 अप्रैल को अक्षय तृतीया के अवसर पर कन्यादान मिशन के तहत बेगूसराय के जीडी कॉलेज मैदान में सामूहिक विवाह कार्यक्रम का आयोजन करने का निर्णय लिया गया। साथ ही कार्यक्रम के रस्म तथा अन्य तैयारी को लेकर आवश्यक निर्णय लिया गया। बैठक में जिले में इस कार्यक्रम के प्रचार-प्रसार, जागरूकता एवं ग्रामीण क्षेत्रों में बैठक करने का निर्णय उपस्थित सदस्यों ने लिया, ताकि अधिक से अधिक बेटियों का विवाह इस कार्यक्रम के माध्यम से कराया जा सके। कार्यक्रम के संयोजक रामू जी खेमका ने कहा कि सामूहिक विवाह कार्यक्रम के तहत अलग अलग रीति रिवाज के जोड़ों का अलग अलग मरवों पर एक ही मैदान में विवाह का कार्यक्रम पूरा किया जाएगा साथ ही वर-वधु का जयमाला कार्यक्रम एवं सेल्फी स्पॉट की भी व्यवस्था की जाएगी। कन्यादान लड़की के माता पिता या अभिभावक करेंगे। उन्होंने बताया कि 51 से अधिक जोड़ें भी अगर विवाह के लिए पहुंचते हैं तो वैवाहिक कार्यक्रम में शामिल कर लिए जाएंगे। आयोजन समिति चाहती है कि अधिक से अधिक जोड़ो का विवाह उक्त लगन मंडप से संपन्न हो। वहीं सदस्य चंदन कुमार ने कहा कि कन्यापक्ष की सारी व्यवस्था एवं वर-वधु पक्ष के मेहमानों के लिए सामूहिक भोज की भी व्यवस्था की जाएगी। कार्यक्रम की तैयारी को लेकर शुक्रवार को सदस्यों ने जीडी कॉलेज जाकर स्थल का भी निरीक्षण किया। बैठक में डा. संजीव कुमार, डा. सरोज कुमार, रामशंकर हिन्दवानी, शिक्षिका बेनुजा कुमारी, रणधीर कुमार, दशरथ प्रसाद गुप्ता, मुन्ना गोयनका, राजेश पासवान, शंकर पासवान, घनश्याम महतों मौजूद थे।
सामुहिक विवाह की तैयारी को लेकर बैठक करते आयोजक