पाएं अपने शहर की ताज़ा ख़बरें और फ्री ई-पेपर

डाउनलोड करें

महिला दिवस पर सम्मान : एक दिन के लिए थाने की कमान छात्राओं के हाथ रही

एक वर्ष पहले
  • कॉपी लिंक

पुलिस की कार्यप्रणाली को समझने और पुलिस की कठिनाई से रूबरू होने के लिए एसपी अवकाश कुमार ने रविवार को मुफ्फसिल थाना की कमान स्कूली छात्राओं को सौंप दिया। संत जोसेफ स्कूल की छात्रा साक्षी शांडिल्य व कृष्णमूर्ति पब्लिक स्कूल की छात्रा रूपम कुमारी मुफ्फसिल थाना की थानाध्यक्ष बनी। प्रीति चटर्जी और प्राची कुमारी अपर थानाध्यक्ष बनी। थानाध्यक्ष साक्षी के निर्देश पर मुफ्फसिल पुलिस की जीप में 3 छात्राएं बैठकर गश्ती पर भी निकली। वहीं कुछ छात्राएं यातायात नियंत्रण करने के लिए भी भेजी गई। करीब दो घंटे तक छात्राओं ने मुफ्फसिल थाना की कमान संभाली। एसपी अवकाश कुमार ने बताया कि अन्तर्राष्ट्रीय महिला दिवस पर लड़कियां पुलिस के वर्किंग स्टाइल को समझे। इसलिए उन्हें थाना को संभालने का मौका दिया गया है। इसे वे थाना के कार्यों को नजदीक से देख सकेगी और समझ सकेगी।

नवोदय की छात्राओं ने संभाला शहर का ट्रैफिक

ट्रैफिक रूल सबों के लिए बराबर होता है, चाहे हम हो या पुलिस वाले। देखिए मैं ट्रैफिक कन्ट्रोल कर रही हूं और पुलिस के अधिकारी ही हमारे बीच से गलत तरीके से निकल गए, यह नहीं होना चाहिए। दरअसल महिला दिवस पर शहर की ट्रैफिक व्यवस्था संभाले नवोदय विद्यालय की छात्रा आर्या राज और प्रियांशी कुमारी ने एक बाइक सवार व्यक्ति जो पुलिस के अधिकारी बताकर गलत रास्ते से निकल गए, उसकी ओर इशारा करते हुए छात्रा ने उक्त बात कही। महिला दिवस पर विशेष करने को लेकर शहर में कई जगहों पर ट्रैफिक व्यवस्था की जिम्मेदारी रविवार को छात्राओं को सौंपी गई थी। जिसमें नवोदय विद्यालय की छात्रा शहर में फल मंडी के पास और लोहियानगर ओवरब्रिज पर ट्रैफिक कंट्रोल कर रही थी और ट्रेफिक के नियम को सीख रही थी। पहली बार ट्रैफिक पुलिस की जिम्मेदारी में छात्राएं आर्या राज, प्रियांशी कुमारी बखूबी वन-वे नियम का पालन करवा रही थी। इस दौरान पूछने पर छात्राओं ने बताया कि आज उन्हें यह मौका दिया गया है, यह जीवन भर याद रहेगा। साथ ही कहा कि आज उन्हें एक ट्रैफिक पुलिस की जिम्मेदारी दी गई है, इसमें हमलोग ये देख रहे हैं कि कैसे ट्रैफिक कंट्रोल होता है।

साक्षी व रूपम मुफ्फसिल थाना की थानाध्यक्ष बनीं

बेहतर कार्य के लिए दारोगा अवंति कुमारी, सिपाही वीणा और ललिता कुमारी को किया गया सम्मानित

महिला दिवस के मौके पर एसपी अवकाश कुमार ने बेहतर और सराहनीय कार्य के लिए एक दारोगा, और दो सिपाही को प्रशस्ति पत्र देकर सम्मानित किया। तेघड़ा थाना में तैनात दारोगा अवंति कुमारी को अनुसंधान में सराहनीय योगदान देने के लिए, चकिया ओपी में तैनात वीणा कुमारी को बेहतरीन ऑफिस मैनेजमेंट के लिए और ट्रेफिक सिपाही ललिता कुमारी को सराहनीय कर्तव्य निर्वहन करने के लिए सम्मानित किया गया। एसपी ने तीनों पुलिसकर्मियों की काफी प्रशंसा की। महिला दिवस के मौके पर दो दर्जन छात्राओं ने अपनी मन की बात कविता और भाषण से कहीं। एसपी अवकाश कुमार ने बताया कि इस कार्यक्रम का मुख्य उद्देश्य है कि छात्राएं और महिलाएं एसपी तक सहजता से अपनी समस्या पहुंचा सके। उन्होंने छात्राओं से कहा कि आप 100 नम्बर पर कभी भी शिकायत कर सकती है। मौके पर सदर एसडीपीओ राजन सिंहा, मुफ्फसिल थानाध्यक्ष राजवेंदु प्रसाद समेत अन्य पुलिस अफसर थे।
खबरें और भी हैं...