- Hindi News
- National
- Mansurchak News Mansurachak Women Blocked Road To Stop Sale Of Toddy In Baharampur
मंसूरचक : बहरामपुर में ताड़ी की बिक्री बंद करवाने के लिए महिलाओं ने की सड़क जाम
मंसूरचक प्रखंड क्षेत्र के समसा बछवाड़ा पथ को बहरामपुर चौक के निकट ताड़ी की बिक्री बंद करने व दुकान हटाने की मांग को लेकर जीविका दीदी सहित अन्य महिलाओं ने जाम कर दिया। सड़क जाम में शामिल सरस्वती देवी, पूनम देवी, राजकुमारी देवी, विद्या देवी, विभा देवी, रेणू देवी, उषा देवी, शिवज्योति देवी, कुमकुम देवी, वार्ड सदस्य शेखर पासवान आदि लोगों ने बताया कि यहां संचालित ताड़ी दुकान में लोग पहले ताड़ी पीते हैं, फिर उत्पात मचाते रहते हैं और असभ्य भाषा का प्रयोग भी करते हैं जिसके कारण बहु बेटियों का घर से बाहर निकलना मुश्किल हो गया है। लोगों ने बताया कि इस समस्या की जानकारी पूर्व में मंसूरचक बीडीओ को लिखित रूप में दिया गया था लेकिन अब तक कोई कार्रवाई नहीं हो सकी है। कहा कि कोई हल नहीं निकलता देख निराश होकर हम लोग सडक पर उतरे हैं। करीब दो घंटे तक सड़क जाम रहने के बाद बहरामपुर पंचायत के मुखिया निरंजन कुमार ईश्वर सहित अन्य स्थानीय लोगों के समझाने बुझाने और इस समस्या का ठोस हल निकालने का आश्वासन मिलने के बाद महिलाएं सड़क जाम खत्म करने के लिए राजी हुई। इस दौरान सड़क के दोनों ओर गाड़ियों की कतार लग गई। इसके बाद महिलाओं ने कहा कि एक सप्ताह के अंदर प्रशासनिक पदाधिकारियों ने ताड़ी दुकान बंद नहीं करवाया तो अनिश्चितकालीन आंदोलन चलाया जाएगा।
बहरामपुर में सड़क जाम करतीं महिलाएं।